पुलिस अधीक्षक सिंगरौली श्री षियाज के.एम. ने चौकी बरका का किया औचक निरीक्षण
अभिलेखों में अपूर्णता मिलने पर जताई नाराजगी, शीघ्र पूर्ण कर प्रस्तुत करने के दिए सख्त निर्देश
पुलिस अधीक्षक सिंगरौली श्री षियाज के.एम.द्वारा चौकी बरका का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने चौकी की कार्यप्रणाली, पुलिसिंग व्यवस्था एवं संधारित अभिलेखों का जायजा लेते हुए विभिन्न दस्तावेजों की बारीकी से जांच की।
निरीक्षण के दौरान कुछ दस्तावेजों एवं अभिलेखों में आवश्यक पूर्तियां शेष पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक द्वारा नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि सभी अपूर्ण दस्तावेजों को शीघ्र पूर्ण कर नियमानुसार प्रस्तुत किया जाए तथा भविष्य में अभिलेखों के संधारण में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस कार्यप्रणाली में अभिलेखों का व्यवस्थित, अद्यतन एवं समयबद्ध संधारण अत्यंत महत्वपूर्ण है। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप सभी दस्तावेजों को पूर्ण एवं अद्यतन रखें।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने चौकी में उपस्थित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों से संवाद कर उनकी कार्य संबंधी जानकारी एवं समस्याओं पर चर्चा की। उन्होंने पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाते हुए कर्तव्य के प्रति सजग, अनुशासित एवं समर्पित रहकर जनसेवा को प्राथमिकता देने के लिए प्रोत्साहित किया।
औचक निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने चौकी की समग्र व्यवस्था का जायजा लेते हुए अनुशासन, जवाबदेही, सतर्कता एवं प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।