प्रेस विज्ञप्ति
नालंदा
__________
आज दिनांक 10 जून 2026 को श्री सम्राट चौधरी, माननीय मुख्यमंत्री , बिहार सरकार के कर कमलों द्वारा सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के खाते में बढ़ी हुई दर पर राशि अंतरण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण न्यू एन आई सी सभागार, बिहारशरीफ नालंदा में कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
माननीय मुख्यमंत्री द्वारा सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना अन्तर्गत संचालित सभी छः पेंशन योजनाओं में पेंशनधारियों को दी जा रही पेंशन की राशि माह जून, 2025 से 400/- रू0 से बढ़ाकर 1100/- रू० किया गया है,पेंशन की बढ़ी हुई राशि माह मई, 2026 का डी०बी०टी० के माध्यम से अंतरित की गई।
यह पहल वृद्धजनों, दिव्यांगजनों, विधवाओं एवं जरूरतमंद नागरिकों को सम्मानजनक जीवन और सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में बिहार सरकार के संवेदनशील एवं जनकल्याणकारी दृष्टिकोण का प्रतीक है।।
इस अवसर पर जिले में आयोजित कार्यक्रम में पेंशनधारियों ने भाग लिया तथा माननीय मुख्यमंत्री, बिहार द्वारा होनेवाले राशि के अंतरण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण टी०वी०/ लैपटॉप/मोबाईल के माध्यम से जुड़कर देखा एवं सुना गया ।
प्रिय सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों,
बिहार सरकार की नीति "न्याय के साथ विकास" पर आधारित है, जिसका उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को न्यायसंगत और समान अवसर प्रदान करना है। हमारी यह प्रतिबद्धता है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे। इसी उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है, जिनका लक्ष्य समाज के कमजोर वर्गों को सहायता और संबल देना है ताकि उनके आत्मसम्मान में वृद्धि हो एवं उन्हें गरिमापूर्ण जीवन जीने का अवसर मिले।
राज्य सरकार आपके सामाजिक और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए निरंतर प्रयासरत है। हम जानते हैं कि आपको सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर प्रदान करना केवल सरकार की ही जिम्मेदारी नहीं बल्कि हम सबका नैतिक कर्तव्य भी है। इसी क्रम में यह जानकारी साझा करते हुए मुझे प्रसन्नता हो रही है कि हमारी सरकार ने वृद्ध, विधवा एवं दिव्यांगजनों को दी जा रही पेंशन की राशि को माह जून, 2025 से 400 रूपये प्रतिमाह से बढ़ाकर 1100 रुपये प्रतिमाह करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है और आज राज्य के सभी पेंशनधारियों को बढ़ी हुई राशि का हस्तांतरण सीधे उनके बैंक खाते में किया जा रहा है।
मैं इस अवसर पर सभी पेंशनधारियों को हार्दिक शुभकामनाएँ देता हूँ और आशा करता हूँ कि पेंशन योजना की राशि बढ़ाने के निर्णय से आप सभी के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आयेगा।
नालंदा जिला मे सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत बढ़ी पेंशन राशि डीबीटी के माध्यम से अंतरित की गई है जो निम्न है:-
1. इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धा पेंशन योजना अंतर्गत 103168 पेंशनधारियों के बीच 113484800 रुपए अंतरित किए गए।
2. मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना अंतर्गत 214205 पेंशनधारियों के बीच 235625500 रुपए अंतरित किए गए।
3. इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना अंतर्गत 15149 लाभार्थियों के बीच 16663900 रुपए अंतरित गए।
4. लक्ष्मी बाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना अंतर्गत 39940 लाभार्थियों के बीच 43934000 रुपए अंतरित किए गए।
5. इंदिरा गांधी राष्ट्रीय नि:शक्त पेंशन योजना अंतर्गत 5427 लाभार्थियों के बीच 5969700 अंतरित किए गए।
6. बिहार नि :शक्ता पेंशन योजना अंतर्गत 31832लाभार्थियों के बीच 35015200 रूपए अंतरित किए जाएंगे ।
इस प्रकार जिले भर में कुल 409721 विभिन्न पेंशनधारियों के बीच 450693100 रुपए अंतरित किए गए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी,अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन, प्रभारी सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग ,डीपीओ आईसीडीएस, संबंधित पदाधिकारी गण एवं महिला /पुरुष पेंशनधारी आदि उपस्थित थे ।
Samrat Choudhary
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Social Welfare Department, Government of Bihar
16 views | Nalanda, Bihar | Jun 10, 2026