दिवाली पर जोगिंद्रा बैंक के कर्मचारियों को मिलेगा बड़ा तोहफा, 1.74 करोड़ रुपये का महंगाई एरियर और 1.43 करोड़ रुपये की एक्स-ग्रेशिया राशि होगी जारी
बैंक की दूसरी तिमाही की समीक्षा बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय, वित्त वर्ष के अंत तक 2,300 करोड़ रुपये के पार पहुंचेगा बैंक का कुल कारोबार और 25 करोड़ रुपये के आसपास रहेगा शुद्ध लाभ।
सोलन। जोगिंद्रा केंद्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड की वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही की समीक्षा बैठक आज बैंक के मुख्य कार्यालय में बैंक के चेयरमैन एडवोकेट मुकेश शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में बैंक के प्रबंध निदेशक पंकज सूद विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में बैंक की वित्तीय स्थिति, व्यवसायिक प्रगति, शाखाओं के प्रदर्शन तथा आगामी वित्त वर्ष के लक्ष्यों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
दिवाली के पावन अवसर पर बैंक प्रबंधन ने कर्मचारियों को विशेष सौगात देने का निर्णय लिया है। इसके तहत कर्मचारियों को 1 जुलाई 2023 से 30 सितंबर 2026 तक की अवधि का लगभग 1 करोड़ 74 लाख रुपये का महंगाई भत्ता एरियर तथा लगभग 1 करोड़ 43 लाख रुपये की एक्स-ग्रेशिया राशि प्रदान की जाएगी। इस प्रकार कर्मचारियों को कुल लगभग 3 करोड़ 17 लाख रुपये की राशि का लाभ मिलेगा। इस निर्णय से बैंक के कर्मचारियों और उनके परिवारों में दिवाली की खुशियां और बढ़ेंगी। बैंक प्रबंधन ने इसे कर्मचारियों के योगदान और मेहनत के प्रति सम्मान का प्रतीक बताया।
बैठक में 30 सितंबर 2026 तक बैंक के वित्तीय प्रदर्शन की समीक्षा करते हुए चेयरमैन एडवोकेट मुकेश शर्मा ने बताया कि चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही तक बैंक का व्यवसाय संतोषजनक रहा है। बैंक ने वित्तीय अनुशासन, बेहतर प्रबंधन और ग्राहकों को गुणवत्तापूर्ण बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में निरंतर प्रगति की है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बैंक इसी गति से आगे बढ़ता रहा तो 31 मार्च 2027 तक बैंक का कुल कारोबार 2,300 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर जाएगा तथा शुद्ध लाभ लगभग 25 करोड़ रुपये तक पहुंचने की उम्मीद है।
चेयरमैन ने कहा कि जोगिंद्रा केंद्रीय सहकारी बैंक अपनी स्थापना के गौरवशाली इतिहास और सहकारी बैंकिंग की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए आधुनिक बैंकिंग सुविधाओं, बेहतर ग्राहक सेवाओं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। बैंक की सभी 37 शाखाएं इस लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
बैठक में बैंक के पिछले वित्त वर्ष के वित्तीय परिणामों की भी समीक्षा की गई। उल्लेखनीय है कि वित्त वर्ष 2025-26 में बैंक ने लगभग 21.58 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया था। इसी उपलब्धि को आगे बढ़ाते हुए चालू वित्त वर्ष में बैंक ने लाभ और कारोबार दोनों में वृद्धि का लक्ष्य निर्धारित किया है।
बैठक में बैंक की सभी सहायक महाप्रबंधक (AGMs), वरिष्ठ प्रबंधक तथा 37 शाखाओं के शाखा प्रबंधक उपस्थित रहे। अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की प्रगति और आगामी कार्ययोजना की जानकारी भी साझा की।
अंत में चेयरमैन एडवोकेट मुकेश शर्मा ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए बैंक को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बैंक की प्रगति का वास्तविक आधार उसके कर्मचारी, ग्राहक और जमाकर्ताओं का विश्वास है।
Solan, Solan | Oct 30, 2026