आज दिनांक 06.10.2026 को माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी द्वारा रोहतास जिलान्तर्गत सासाराम में बेदा से मोकर तक सिंचाई नहर के बांध पर आर०ओ०बी०/पुल सहित निर्मित 2-लेन सासाराम बाईपास पथ का शिलापट्ट अनावरण कर लोकार्पण किया गया। इस पथ के निर्माण पर 122.39 करोड़ रुपये की लागत आई है। बाईपास पथ के निर्माण से सासाराम शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने तथा लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी तथा इससे क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को भी गति मिलेगी।
लोकार्पण के पश्चात माननीय मुख्यमंत्री द्वारा कायाकल्प अभियान के तहत सासाराम बाईपास के समीप स्थित जीर्णोद्धार किए गए पोखर का निरीक्षण किया गया। उन्होंने पोखर के जीर्णोद्धार, साफ-सफाई एवं जल संरक्षण से संबंधित कार्यों की जानकारी ली तथा अधिकारियों को जलस्रोतों के बेहतर रखरखाव के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
इस अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री द्वारा कायाकल्प अभियान के तहत 'रोहतास जल संजीवनी' का शुभारंभ किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य रोहतास जिले के तालाबों, पोखरों, जलाशयों एवं अन्य जलस्रोतों का जीर्णोद्धार, साफ-सफाई एवं नियमित रखरखाव सुनिश्चित करना है, ताकि वर्षा जल का अधिक से अधिक संग्रहण एवं संरक्षण किया जा सके। 'रोहतास जल संजीवनी' के माध्यम से जिले के पारंपरिक एवं महत्वपूर्ण जलस्रोतों को पुनर्जीवित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
माननीय मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले के जलस्रोतों की नियमित साफ-सफाई एवं रखरखाव सुनिश्चित किया जाए। तालाबों, पोखरों एवं जलाशयों को अतिक्रमण एवं प्रदूषण से मुक्त रखने तथा उनके संरक्षण के लिए स्थानीय स्तर पर भी लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। जलस्रोतों को संरक्षित एवं पुनर्जीवित कर हम वर्तमान के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए भी जल की उपलब्धता सुनिश्चित कर सकते हैं।
कार्यक्रम में माननीय खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री सह रोहतास जिले के प्रभारी मंत्री श्री अशोक चौधरी, माननीय उद्योग एवं खेल मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह, माननीय विधायकगण, अन्य जनप्रतिनिधिगण, मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक श्रीमती प्रीता वर्मा, पथ निर्माण विभाग के सचिव श्री पंकज कुमार पाल, मुख्यमंत्री के सचिव श्री लोकेश कुमार सिंह, शाहाबाद प्रक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक डॉ० सत्य प्रकाश, जिलाधिकारी रोहतास श्री दीपक कुमार मिश्रा, पुलिस अधीक्षक रोहतास श्री राज सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।
#IPRD
#BRPNNL
#BiharGovernment
#BiharDevelopment
#CMSamrat
#samratchoudhary
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Samrat Choudhary
Patna, Bihar | Oct 6, 2026