नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत अभियान के तहत जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन
करीब 200 युवाओं ने लिया हिस्सा, नशा मुक्त समाज के निर्माण का दिया संदेश
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत संचालित मेरा युवा भारत (माय भारत) केंद्र, मुरैना द्वारा "नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत" अभियान के अंतर्गत गर्ग सेवा सदन, मुरैना में जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं युवा संगठनों के लगभग 200 युवाओं एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए नशा मुक्त समाज के निर्माण का सशक्त संदेश दिया।
कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि महापौर श्रीमती शारदा सोलंकी ने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर शिक्षा, खेल एवं रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ, जागरूक और संस्कारित युवा ही विकसित भारत की आधारशिला हैं। विशिष्ट अतिथि श्री अभिषेक गांगुली ने युवाओं से नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता अभियान चलाने तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन के वाहक बनने का आह्वान किया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री कमलेश कुमार भार्गव ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और उनकी ऊर्जा का सकारात्मक दिशा में उपयोग ही समाज एवं राष्ट्र के समग्र विकास का आधार है। उन्होंने उपस्थित युवाओं को नशा मुक्ति की शपथ दिलाते हुए अपने परिवार, मित्रों एवं समाज को भी नशा मुक्त बनाने का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर श्री सौरव सिंह भी उपस्थित रहे।
जिला युवा अधिकारी श्री आशुतोष साहू ने बताया कि अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा उनकी रचनात्मक प्रतिभाओं को अभिव्यक्ति का मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सर्वाधिक महत्वपूर्ण है और नशा मुक्त युवा ही राष्ट्र की वास्तविक शक्ति हैं।
कार्यक्रम के अंतर्गत कविता वाचन, भाषण, चित्रकला, वाद-विवाद, नारा लेखन, समूह गायन, समूह नृत्य एवं नुक्कड़ नाटक सहित आठ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियों के माध्यम से नशे के दुष्परिणाम, स्वस्थ जीवनशैली के महत्व तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को रचनात्मक एवं प्रेरक ढंग से प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ निर्णायकों द्वारा किया गया। कविता वाचन प्रतियोगिता में अन्य सिकरवार प्रथम, हरिओम सिंह द्वितीय तथा ईशा सोनी तृतीय स्थान पर रहे। चित्रकला प्रतियोगिता में पूर्वी अग्रवाल प्रथम, प्रभात अमर द्वितीय एवं अंकेश तृतीय रहे। वाद-विवाद प्रतियोगिता में विपिन सिंह तोमर प्रथम, अमन भदौरिया द्वितीय तथा श्रद्धा परमार तृतीय स्थान पर रहीं। नारा लेखन प्रतियोगिता में संयोगिता प्रथम, रितिका द्वितीय एवं रोशनी तृतीय रहीं। नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में अमन भदौरिया ग्रुप (पोरसा) प्रथम तथा एलोवेरा ग्रुप (मुरैना) द्वितीय स्थान पर रहा। समूह गायन प्रतियोगिता में पंकज शर्मा ग्रुप प्रथम तथा हरिओम सिंह ग्रुप द्वितीय स्थान पर रहा, जबकि समूह नृत्य प्रतियोगिता में राखी ग्रुप (पोरसा) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
मुख्य अतिथियों द्वारा विजेता प्रतिभागियों को प्रशस्ति-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन श्री मनोज कुलश्रेष्ठ ने किया। इस अवसर पर लेखा अधिकारी श्री दिलीप सुमन, श्री रामविलास शर्मा, श्री विकास पलिया, राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक, विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।
#JansamparkMP #morena2026 #Morena Jansampark Madhya Pradesh #MadhyaPradesh
211 views | Morena, Madhya Pradesh | Aug 6, 2026