बहराइच,प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की घोषणा के अनुपालन में कतर्नियाघाट वन्यजीव विहार क्षेत्र के ग्राम भरथापुर के विस्थापित परिवारों के लिए सेमरहना में विकसित किये जा रहे स्मार्ट ग्राम भरतपुर का नवागत जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने रविवार को निरीक्षण कर निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता, अपर जिलाधिकारी अमित कुमार तथा अन्य अधिकारियों के साथ स्मार्ट ग्राम में संचालित विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया और संबंधित विभागों को मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप सभी कार्य निर्धारित मानकों और उच्च गुणवत्ता के साथ समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि विस्थापित परिवारों के लिए प्रस्तावित 136 आवासों के सापेक्ष अब तक 30 आवासों की छत का निर्माण पूरा हो चुका है। अन्य आवासों एवं आवश्यक सुविधाओं के विकास का कार्य भी विभिन्न विभागों द्वारा कराया जा रहा है।
जिलाधिकारी को यह भी अवगत कराया गया कि विस्थापित परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण के लिए भूमि चिन्हित कर ली गई है तथा निर्माण कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है।
जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में ग्राम्य विकास विभाग, लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, जल निगम, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग सहित अन्य संबंधित विभाग स्मार्ट ग्राम में बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आवास एवं आधारभूत सुविधाओं के साथ-साथ विस्थापित परिवारों के सामाजिक और आर्थिक पुनर्वास पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने विशेष रूप से ग्राम की महिलाओं को रोजगार एवं आजीविका के अवसरों से जोड़ने के लिए प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी मिहींपुरवा (मोतीपुर) मोनालिसा जौहरी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड प्रदीप कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी चन्द्रभान सिंह, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Bahraich, Bahraich | Sep 13, 2026