आज दिनांक 01.07.2026 को जिला पदाधिकारी, रोहतास श्री दीपक कुमार मिश्र द्वारा समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में दैनिक जनता दरबार का आयोजन किया गया।
जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं एवं शिकायतें जिला पदाधिकारी के समक्ष रखीं। जिला पदाधिकारी द्वारा सभी परिवादों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को अग्रसारित कर समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष एवं न्यायसंगत निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
दैनिक जनता दरबार के दौरान कोचस थाना क्षेत्र के अठवलिया निवासी रामअधीन सिंह ने बिहार सरकार की भूमि पर अवैध निर्माण किए जाने की शिकायत करते हुए तत्काल रोक लगाने की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पदाधिकारी ने अनुमंडल पदाधिकारी, सासाराम को आवश्यक जांच एवं कार्रवाई का निर्देश दिया।
वहीं शिवसागर थाना क्षेत्र के किरहिन्डी गांव की उर्मिला देवी ने शस्त्र अनुज्ञप्ति से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया। इस मामले के शीघ्र निराकरण हेतु जिला शस्त्र शाखा, रोहतास को निर्देशित किया गया।
इसके अलावा दावथ निवासी शुभम कुमार तिवारी ने निजी भूमि पर निर्माण कार्य में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा बाधा उत्पन्न किए जाने की शिकायत की। जिला पदाधिकारी ने मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई हेतु अनुमंडल पदाधिकारी, बिक्रमगंज को निर्देश दिया।
शेष प्राप्त सभी आवेदनों को भी संबंधित विभागों एवं पदाधिकारियों को शीघ्र निष्पादन के लिए अग्रसारित करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
#iprd
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Patna, Bihar | Jul 1, 2026