## कोशी स्नातक निर्वाचन-2026: डीएम और एसपी ने मतदान केंद्र का किया निरीक्षण, सुविधाएं दुरुस्त करने के निर्देश
**बांका।** बिहार विधान परिषद के कोशी स्नातक द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के सफल एवं सुचारू संचालन को लेकर जिला पदाधिकारी अंशुल अग्रवाल और पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार ने गुरुवार को बांका प्रखंड परिसर स्थित मतदान केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने मतदान दलों के लिए की गई व्यवस्थाओं और मतदान केंद्र पर उपलब्ध कराई जाने वाली मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने संबंधित पदाधिकारियों को सभी मतदान केंद्रों पर न्यूनतम आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने मतदान केंद्र से संबंधित विवरण का दीवार लेखन, मतदान कर्मियों के बैठने की उचित व्यवस्था, पर्याप्त रोशनी, पेयजल, रैंप, आवश्यक फर्नीचर और शौचालय की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क के लिए निर्धारित स्थल पर बीएलओ की प्रतिनियुक्ति करने तथा निर्वाचक सूची की एक प्रति उपलब्ध रखने का निर्देश दिया गया। इसके साथ ही मतदान दलों के ठहरने के लिए भी जरूरी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्वाचन से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी की जाएं। साथ ही, निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए मतदान प्रक्रिया को स्वच्छ, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया जाए।
Amarpur, Banka | Oct 22, 2026