#भरतपुर। जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीना के निर्देशन में यातायात पुलिस और कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की महिला पुलिसकर्मियों ने रक्षाबंधन के अवसर पर एक प्रेरणादायक पहल की। यातायात चौराहा पर बिना हेलमेट या तीन सवारी बैठाकर चल रहे दोपहिया वाहन चालकों को रोककर महिला पुलिसकर्मियों ने उनकी कलाई पर स्नेह की डोर रक्षासूत्र बांधी। इसके साथ ही उनसे चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों के जीवन की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करने का वचन लिया। इस भावुक समझाइश से अभिभूत होकर वाहन चालकों ने अपनी भूल स्वीकार की और सहर्ष सुरक्षा नियमों को निभाने का वादा किया। यातायात पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि वे दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें और नियमों का पालन कर अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करें।