नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशा मुक्ति के प्रति किया जागरूक
डिंडौरी सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के मार्गदर्शन में जिले में संचालित नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत जनपद पंचायत करंजिया में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आमजन को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में सहभागी बनने का संदेश दिया गया।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से कलाकारों ने तंबाकू, गुटखा, बीड़ी, सिगरेट, शराब एवं अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्परिणामों का प्रभावी मंचन किया। कलाकारों ने संदेश दिया कि नशा व्यक्ति, परिवार एवं समाज के विकास में बाधक है तथा इससे दूर रहकर ही स्वस्थ, सुरक्षित और समृद्ध जीवन का निर्माण किया जा सकता है।
कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों को नशे से दूर रहने, अपने परिवार एवं बच्चों को नशे की बुराइयों से बचाने तथा अपने गांव और आसपास के क्षेत्र को नशामुक्त बनाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही सभी उपस्थितजनों को नशा न करने तथा अन्य लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि नशा मुक्ति अभियान की सफलता समाज की सक्रिय भागीदारी पर निर्भर है। जनजागरूकता, सामुदायिक सहभागिता एवं निरंतर प्रयासों के माध्यम से ही नशामुक्त जिला एवं स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है। कार्यक्रम में जनपद पंचायत करंजिया के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #dindori
21 views | Dindori, Madhya Pradesh | Jul 10, 2026