बूंदी। रघुनाथपुरा में सरपंच चुनाव के दौरान कथित तौर पर पैसे बांटने के वायरल वीडियो को लेकर कांग्रेस नेता रघु शर्मा ने अपना पक्ष सामने रखा है।
उन्होंने अपने ऊपर लगे आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि वीडियो के जरिए भ्रामक जानकारी फैलाकर उनकी छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है।
रघु शर्मा ने स्पष्ट किया कि वायरल वीडियो रात का नहीं, बल्कि सुबह और दिन का है। वह अपने घर से अपने प्रत्याशी के प्रचार के लिए निकले थे। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार करना उनका संवैधानिक अधिकार है।
पुलिस की मौजूदगी को लेकर उन्होंने कहा कि पुलिस उन्हें पकड़कर नहीं ले गई थी, बल्कि अपनी सुरक्षा के लिए उन्होंने खुद पुलिस को फोन किया था। उनका आरोप है कि कुछ लोगों ने एकजुट होकर उन्हें नुकसान पहुंचाने की कोशिश की थी।
पैसे बांटने के आरोप पर रघु शर्मा ने चुनौती देते हुए कहा कि यदि उन्होंने पैसे बांटे हैं तो पैसे देते हुए का वीडियो सबूत के तौर पर सामने लाया जाए। केवल आरोप लगाकर उनकी छवि खराब करने का प्रयास नहीं किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि वीडियो का एक हिस्सा दिखाकर पूरी कहानी नहीं बदली जा सकती। वह किसी दबाव या षड्यंत्र के सामने झुकने वाले नहीं हैं। उन्होंने दोहराया कि सच्चाई साबित करने के लिए अफवाहों की नहीं, ठोस सबूतों की जरूरत होती है।
गौरतलब है कि वायरल वीडियो को लेकर लगाए गए आरोपों और रघु शर्मा के जवाब की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है।
Ladpura, Kota | Nov 5, 2026