कोसी नदी में कटाव की सूचना पर जिलाधिकारी ने किया स्थल निरीक्षण, युद्धस्तर पर कटाव-रोधी कार्य के निर्देश
चौथम अंचल अंतर्गत कोसी नदी में कटाव की सूचना प्राप्त होते ही जिलाधिकारी, खगड़िया श्री विक्रम विरकर ने मामले का त्वरित संज्ञान लेते हुए प्रभावित स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कटाव की स्थिति का विस्तृत जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों से वस्तुस्थिति एवं अब तक किए गए कार्यों की जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने बाढ़ प्रमंडल-2 के कार्यपालक अभियंता को आवश्यक कटाव-रोधी कार्य युद्धस्तर पर तत्काल प्रारंभ करने, पर्याप्त मात्रा में आवश्यक सामग्री एवं मशीनरी की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कटाव की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त संसाधनों की भी तत्काल व्यवस्था की जाए।
जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जाए, नियमित रूप से स्थल का निरीक्षण किया जाए तथा स्थानीय ग्रामीणों से सतत संवाद बनाए रखते हुए किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जन-धन की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा कटाव-निरोधी कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।