स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में जिले में देशभक्ति, एकता और राष्ट्रीय गौरव की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिला स्तरीय स्वतंत्रता दौड़ का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। लगातार हो रही बारिश भी प्रतिभागियों के उत्साह को कम नहीं कर सकी। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, युवाओं, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों ने पूरे जोश के साथ दौड़ में भाग लेकर राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। प्रातः 7:00 बजे स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय, मनेन्द्रगढ़ से स्वतंत्रता दौड़ का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती प्रतिमा यादव, अध्यक्ष नगर पालिका मनेन्द्रगढ़ ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया। इस अवसर पर कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े, पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। दौड़ निर्धारित मार्ग से होते हुए पीडब्ल्यूडी तिराहा पहुंची और वहां से आमाखेरवा मैदान में सम्पन्न हुई। दौड़ के समापन के बाद विजेताओं को सम्मानित किया गया। बालक वर्ग में अमित सेन ने प्रथम, सागर ने द्वितीय तथा हंसराज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं बालिका वर्ग में ललिता प्रथम, माही द्वितीय तथा वंसती तृतीय स्थान पर रहीं। विजेताओं को अतिथियों द्वारा सम्मानित कर उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। इस दौरान उपस्थित सभी लोगों ने "टीबी हारेगा, देश जीतेगा" का नारा भी लगाया।
#chhattisgarh #mcbdistrict