समाहरणालय बक्सर
(जिला जन संपर्क कार्यालय)
प्रेस विज्ञप्ति:- दिनांक 23 जून 2026
मुहर्रम, 2026 के अवसर पर साम्प्रदायिक सौहार्द बनाये रखने एवं विधि-व्यवस्था संधारण हेतु आज दिनांक 23 जून 2026 को जिला पदाधिकारी बक्सर, श्रीमती साहिला एवं पुलिस अधीक्षक बक्सर, श्री शुभम आर्य के द्वारा संयुक्त रूप से नगर भवन बक्सर में ब्रीफिंग की गई।
अनुमण्डल एवं प्रखण्ड स्तर पर विस्तृत समीक्षा एवं संवेदनशील जगहों को चिन्हित करते हुए अपेक्षित निरोधात्मक, सुरक्षामूलक तथा विधि-सम्मत कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
किसी भी तरह की अशांति की सूचना प्राप्त होते ही इसकी जानकारी संबंधित थानाध्यक्ष, अंचलाधिकारी एवं प्रखण्ड विकास पदाधिकारी के माध्यम से जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, अनुमण्डल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को दूरभाष द्वारा देने का निर्देश दिया गया।
मुहर्रम के अवसर पर अखाड़ा/करबला पर होने वाली भारी भीड़ के मद्देनजर Anti Sabotage जाँच एक दिन पहले पूर्ण कर ली जाएगी। संबंधित अनुमण्डल पदाधिकारी, अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी एवं थानाध्यक्ष इसे सुनिश्चित करायेंगे।
मुहर्रम पर्व के अवसर पर कुछ स्थानों पर ताजिया एवं जुलूस निकाले जाते है, ऐसे में अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी बक्सर एवं डुमराँव यह सुनिश्चित करेंगे की समितियों को अनुज्ञप्ति निर्गत की गई है। साथ ही स्थापित नियमों का भी अनुपालन सुनिश्चित करायेंगे।
ताजिया जुलूस के रूट का भौतिक सत्यापन करते हुए अनुमण्डल पदाधिकारी, अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी बक्सर एवं डुमराँव दिनांक 25.06.2026 तक इस संबंध में प्रमाण पत्र देंगे। यदि मार्ग में किसी प्रकार की बाधा हो तो उसका समाधान करते हुए इस संबंध में प्रतिवेदन भेजना सुनिश्चित करेंगे।
जुलूस का वीडियोग्राफी संबंधित अनुमण्डल पदाधिकारी, अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी एवं थानाध्यक्ष कराना सुनिश्चित करेंगे।
कार्यपालक अभियंता, भवन प्रमण्डल बक्सर को निदेश दिया गया कि अनुमण्डल पदाधिकारी बक्सर एवं डुमराँव से समन्वय स्थापित कर आवश्यकतानुसार ड्राप गेट लगवाना सुनिश्चित करेंगे।
सिविल सर्जन बक्सर को निदेश दिया गया कि बक्सर जिले में पदस्थापित सभी चिकित्सक अपने-अपने कर्तव्य स्थल पर मौजूद रहें। इसके लिए सभी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। सदर अस्पताल सहित सभी अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केन्द्रों में 24X7 चिकित्सक, चिकित्सा कर्मी, औषधि एवं चिकित्सा जाँच हेतु आवश्यक सभी सुविधाएँ निरंतर अचूक रूप से उपलब्ध रहेंगे।
सिविल सर्जन बक्सर यह भी सुनिश्चित करेंगे कि जिले में मौजूद सभी एम्बुलेन्सों में चिकित्सक, चिकित्सा कर्मी, जीवन रक्षक दवायें एवं स्ट्रेचर सहित तैयार स्थिति में रखेंगे ताकि किसी भी समय आवश्यकता पड़ने पर उपयोग में लाया जा सके। इसके साथ-साथ सभी अस्पतालों में ऑक्सीजन की सुविधा भी उपलब्ध रखेंगे तथा रेड क्रॉस के साथ समन्वय स्थापित कर ब्लड बैंक में पर्याप्त मात्रा में रक्त की उपलब्धता भी सुनिश्चित रखेंगे।
मुहर्रम पर्व के अवसर पर प्रतिनियुक्त किये गये दण्डाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की यह व्यक्तिगत जिम्मेवारी होगी कि वे अपने क्षेत्र में विधि-व्यवस्था तथा साम्प्रदायिक सदभाव को बनाये रखने में तत्परता बरतेंगे तथा एक दूसरे के साथ निकट सम्पर्क रखेंगे ताकि विधि-व्यवस्था बनी रहे। यदि कोई विवाद उत्पन्न हो तो दण्डाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी उसे सुलझाने की अविलम्ब व्यवस्था या चेष्टा करेंगे तथा इसकी सूचना वरीय पदाधिकारी को देंगे।
वितन्तु पर्यवेक्षक/क्षेत्रीय निरीक्षक बिहार पुलिस रेडियो बक्सर को निदेश दिया गया कि वे जिला के सभी प्रतिष्ठानों के वितन्तु सेटों को राउण्ड दी क्लॉक दिनांक 25.06.2026 के अपराहन से दिनांक 27.06.2026 को मुहर्रम पर्व समाप्ति अथवा स्थिति सामान्य होने तक चालू रखेंगे तथा आदेश निदेश को समय पर पास करायेंगे तथा प्राप्त करवायेंगे। साथ ही इस आशय से जिला के सभी वितन्तु स्टेशनों को कार्यरत रहने का निदेश देंगे।
कार्यपालक अभियंता, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण प्रमंडल बक्सर एवं कार्यपालक पदाधिकारी नगर निकाय उक्त अवधि में अपने-अपने क्षेत्रांतर्गत पेयजल की आपूर्ति निरन्तर होती रहे, यह सुनिश्चित करेंगे ताकि आम लोगों को पेयजल की कठिनाई न हो।
मुहर्रम पर्व के मद्देनजर दिनांक 25.06.2026 से नगर निकाय क्षेत्र के सभी अखाड़ा स्थल एवं सड़कों की साफ-सफाई आवश्यक है। कार्यपालक पदाधिकारी नगर निकाय को निदेश दिया गया कि नगर निकाय क्षेत्र के सभी अखाड़ा स्थल एवं सड़कों की साफ-सफाई रखने हेतु सभी आवश्यक कार्रवाई अविलंब सुनिश्चित करेंगे।
कार्यपालक पदाधिकारी ,नगर निकाय शहरी क्षेत्र में सभी महत्वपूर्ण सड़कों एवं गलियों आदि में रौशनी (Street Light) हेतु समुचित व्यवस्था करेंगे। बक्सर जिला अंतर्गत महत्वपूर्ण अखाड़ा स्थल एवं विशेष कर सराय फाटक, बक्सर पर साफ-सफाई और रौशनी एवं पेयजल टंकी की व्यवस्था कराना सुनिश्चित करेंगे।
जिला अग्निशमन पदाधिकारी बक्सर को निदेश दिया गया कि बक्सर एवं डुमराँव शहर में उपयोग में लाये जा रहे सभी अग्निशमन वाहन को तैयार हालत में रखेंगे तथा इनमें से एक-एक अग्निशमन वाहन मॉडल थाना, बक्सर एवं डुमराँव थाना पर रखेंगे। शेष वाहन भी तैयार अवस्था में रहेगी, जिसे आवश्यकतानुसार निर्धारित स्थल पर भेजा जा सकेगा। इसकी सूचना अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर एवं डुमराँव एवं प्रभारी पदाधिकारी जिला नियंत्रण कक्ष बक्सर को देना सुनिश्चित करेंगे।
असैनिक शल्य चिकित्सक सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी बक्सर को निदेश दिया गया कि जिला अस्पताल के साथ बक्सर एवं डुमराँव अनुमण्डलीय अस्पताल तथा सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर सभी चिकित्सकों को पर्याप्त मात्रा में दवाईयों के साथ तैयार स्थिति में रखना सुनिश्चित करेंगे तथा जिला अस्पताल बक्सर एवं अनुमण्डलीय अस्पताल डुमराँव में एम्बुलेंस तैयार हालत में रखना सुनिश्चित करेंगे। इसकी सूचना अनुमंडल पदाधिकारी, बक्सर एवं डुमराँव तथा प्रभारी पदाधिकारी जिला नियंत्रण कक्ष बक्सर को देना सुनिश्चित करेंगे।
मुहर्रम पर्व 2026 के अवसर पर आकस्मिक स्थिति से निपटने हेतु क्यूआरटी टीम का गठन किया गया है। क्यू०आर०टी० में प्रतिनियुक्ति दण्डाधिकारी को निदेश दिया गया कि जिला नियंत्रण कक्ष या अन्य स्रोत से सूचना प्राप्त होते ही संबंधित स्थल पर पहुँच कर विधि-व्यवस्था संधारण हेतु आवश्यक कार्रवाई करेंगे।
सभी प्रतिनियुक्त गश्ती दल दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल का यह दायित्व होगा कि वे अपने सम्पूर्ण प्रतिनियुक्ति अवधि में अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग करते रहेंगे।
अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बक्सर एवं डुमराँव अपने कार्य क्षेत्र में भ्रमण कर आश्वस्त हो लें कि मुहर्रम पर्व के अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण हेतु सभी प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल अपने-अपने स्थान पर पहुँच चुके हैं अथवा नहीं। इसकी समीक्षा एवं निरीक्षण करते हुए उनकी उपस्थिति सुनिश्चित करायेंगे।
अनुमण्डल पदाधिकारी, अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी बक्सर तथा डुमराँव, पुलिस उपाधीक्षक साईबर थाना बक्सर सोशल मीडिया पर साईबर सेनानी व्हाट्सप्प ग्रुप के माध्यम से लगातार नजर बनाये रखेंगे एवं आवश्यकतानुसार विधि सम्मत कार्रवाई करेंगे।
मुहर्रम पर्व, 2026 के अवसर पर विधि व्यवस्था संधारण हेतु जिला नियंत्रण कक्ष बक्सर समाहरणालय परिसर अवस्थित जिला आपदा शाखा में चिन्हित भवन में कार्यरत होगा, जिसका दूरभाष संख्या 06183-223333 है। जिला नियंत्रण कक्ष के प्रभार में श्रीमती कविप्रिया जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आई०सी०डी०एस०) बक्सर एवं श्री अरविन्द कुमार जिला कल्याण पदाधिकारी, बक्सर (मो0-7739805237) रहेंगे।
मुहर्रम पर्व, 2026 के अवसर पर उक्त तिथि को बक्सर अनुमण्डल का अनुमण्डल पदाधिकारी, बक्सर एवं अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी बक्सर तथा डुमराँव अनुमण्डल का अनुमण्डल पदाधिकारी डुमराँव एवं अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी डुमराँव अपने-अपने अनुमण्डल के विधि-व्यवस्था के प्रभार में रहेंगे।
मुहर्रम पर्व, 2026 के अवसर पर विधि व्यवस्था के वरीय प्रभार में अपर समाहर्त्ता, बक्सर एवं पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), बक्सर रहेंगे।
मुहर्रम पर्व, 2026 के अवसर पर विधि व्यवस्था संधारण हेतु 128 स्टैटिक दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल, 31 गश्ती दल दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल, 106 तजिया जुलूस के साथ दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल एवं 02 जोनल दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है।
जिला जन संपर्क कार्यालय
बक्सर।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar @top fans Buxar Administration CMO Bihar #BuxarNews #buxarcity #buxar #buxarjila #bihar #topfollowers
Buxar, Bihar | Jun 23, 2026