*इंदौर की तीन पैरा ताइक्वांडो खिलाड़ी पुणे राष्ट्रीय प्रतियोगिता में दिखाएंगी दम*
---
*सपना, गुनिका और नव्या का चयन; मिथिलेश कैमरे होंगे मध्य प्रदेश टीम के कोच*
इंदौर 10 जुलाई 2026
इंडिया ताइक्वांडो द्वारा आयोजित 5वीं पैरा राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता 2026-27 में इंदौर की बेटियां मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने के लिए तैयार हैं। यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता 10 से 11 जुलाई 2026 तक पुणे (महाराष्ट्र) के श्री शिव छत्रपति स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, महालुंगे में खेली जा रही है।
इस राष्ट्रीय स्पर्धा के लिए इंदौर से तीन होनहार खिलाड़ियों का चयन हुआ है, जो पूमसे वर्ग में मध्य प्रदेश की ओर से अपनी चुनौती पेश करेंगी। टीम के मुख्य कोच मिथिलेश कैमरे ने बताया कि खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता के लिए कड़ा अभ्यास किया है।
*खिलाड़ियों का ट्रैक रिकॉर्ड*
सपना शर्मा: चार बार की राष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता हैं। वह विश्व ताइक्वांडो प्रतियोगिता में भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।
गुनिका शर्मा: पूर्व में आयोजित हुई राष्ट्रीय स्पर्धा में मध्य प्रदेश के लिए स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं।
नव्या कुकरेजा: उभरती हुई खिलाड़ी नव्या पहली बार राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
यह चैंपियनशिप विश्व ताइक्वांडो, विश्व पैरा ताइक्वांडो और पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया (PCI) के संयुक्त सहयोग से आयोजित की जा रही है। इसमें देशभर से जूनियर एवं सीनियर वर्ग के शीर्ष पैरा खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
मध्य प्रदेश टीम के कोच मिथिलेश कैमरे ने उम्मीद जताई है कि खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत रंग लाएगी और टीम पदक जीतकर इंदौर सहित पूरे प्रदेश का नाम रोशन करेगी।
---
#JansamparkMP #Indore #ParaTaekwondo #Sports #MadhyaPradesh
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Indore, Madhya Pradesh | Jul 10, 2026