🔸जनसुनवाई में 22 से अधिक आवेदनों पर हुई सुनवाई
🔸अपर कलेक्टर श्री शर्मा ने जनसुनवाई करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को समय-सीमा में आवेदनों का निराकरण करने के निर्देश दिए
🔸उज्जैन, 10 नवम्बर। मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में जिले भर से आए आवेदकों ने अपनी समस्याएं एवं शिकायतें प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष रखी। जनसुनवाई के दौरान अपर कलेक्टर श्री शाश्वत शर्मा ने 22 से अधिक आवेदनों पर सुनवाई करते हुए विभागीय अधिकारियों को उचित कार्रवाई के निर्देश दिए।
🔸सम्राट विक्रमादित्य प्रशासनिक संकुल स्थित कलेक्टर सभागार में अपर कलेक्टर श्री शाश्वत शर्मा ने आवेदकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। जनसुनवाई के दौरान उज्जैन निवासी श्री बाबूलाल मारोठिया ने आवेदन देकर बताया कि अनावेदक द्वारा शासकीय भूमि को स्वयं की भूमि बताकर उसका विक्रय किया गया है। अपर कलेक्टर श्री शर्मा ने प्रकरण तहसीलदार, नगर उज्जैन को भेजकर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
🔸बैकुंठधाम कॉलोनी, मक्सी रोड निवासी वर्षा विश्वकर्मा ने आवेदन देकर बताया कि वह चाय की दुकान लगाना चाहती हैं, इसलिए उन्हें दुकान लगाने की अनुमति दी जाए। अपर कलेक्टर श्री शर्मा ने नगर निगम को संबंधित प्रकरण में कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
🔸जनसुनवाई के दौरान ग्राम लालाखेड़ी, तहसील माकड़ौन निवासी श्री कालुदास बैरागी ने आवेदन देकर बताया कि सहकारी संस्था रूपाखेड़ी द्वारा अनावेदक को गलत तरीके से दो बार ऋण दिया गया है। इस संबंध में शिकायत करने के बाद भी सहकारी संस्था द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई। अपर कलेक्टर श्री शर्मा ने संबंधित विभाग को कार्रवाई कर प्रकरण का निराकरण करने के निर्देश दिए।
🔸इसी प्रकार ग्राम खरसौद खुर्द निवासी श्री प्रेम सिंह ने आवेदन देकर बताया कि जिला सहकारी बैंक, खरसौद खुर्द द्वारा रास्ते की जमीन पर स्वयं द्वारा सीमांकन कर बाउंड्री का निर्माण किया जा रहा है। आवेदक ने मांग की है कि सहकारी बैंक को आवंटित भूमि के मूल आवंटन आदेश एवं स्वीकृत नक्शे की जांच करवाई जाए। अपर कलेक्टर श्री शर्मा ने उचित कार्रवाई के लिए जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के सीईओ को निर्देश दिए।
🔸जनसुनवाई के दौरान ग्राम बांदरबेला, तहसील बड़नगर निवासी श्री घनश्याम सिंह ने आवेदन देकर बताया कि गांव के ही एक व्यक्ति द्वारा उनके प्लॉट के सामने स्थित शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कर रास्ता बंद कर दिया गया है। साथ ही विद्युत मंडल के ट्रांसफार्मर को भी घेर लिया गया है, जिससे आवागमन में परेशानी हो रही है। अपर कलेक्टर श्री शर्मा ने बड़नगर तहसीलदार को उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
🔸जनसुनवाई के दौरान अपर कलेक्टर श्री शाश्वत शर्मा ने 22 से अधिक आवेदनों पर सुनवाई करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई एवं समय-सीमा में निराकरण के निर्देश दिए।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav JDjansampark Ujjain Ujjain Commissioner