#सफलता_की_कहानी
🔸स्व-सहायता समूह से जुड़कर राधा सिसोदिया बनी आत्मनिर्भर*
---
🔸आजीविका मिशन के सहयोग से जैविक उत्पादों के निर्माण से लेकर ड्रोन पायलट और मास्टर ट्रेनर तक का तय किया सफर*
---
🔸राधा सिसोदिया बनी ग्रामीण महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत*
---
उज्जैन, 10 नवम्बर 2026/ मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ग्रामीण महिलाओं को स्व-सहायता समूहों के माध्यम से आत्मनिर्भर एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है। मिशन के सहयोग, प्रशिक्षण और विभिन्न अवसरों के माध्यम से ग्रामीण महिलाएं आज स्वरोजगार के नए आयाम स्थापित कर रही हैं। ऐसी ही प्रेरक कहानी ग्राम दताना, जिला उज्जैन की निवासी एवं अमन स्व-सहायता समूह की अध्यक्ष सुश्री राधा सिसोदिया की है, जिन्होंने अपनी मेहनत, लगन और प्रशिक्षण के बल पर आत्मनिर्भरता की नई मिसाल कायम की है।
सुश्री राधा सिसोदिया का अमन स्व-सहायता समूह वर्ष 2016-17 में गठित हुआ था। समूह में उन्हें अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। वर्ष 2018 में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के सहयोग से उन्होंने आरसेटी में डेयरी फार्मिंग एवं वर्मी कम्पोस्ट निर्माण का प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने जैविक खाद, जीवामृत टॉनिक तथा प्राकृतिक कीटनाशक ब्रह्मास्त्र, निमास्त्र एवं अग्नियास्त्र बनाने का हुनर सीखा।
प्रशिक्षण को रोजगार में बदलते हुए उन्होंने स्वयं जैविक खाद एवं प्राकृतिक कीटनाशकों का निर्माण कर उनका विक्रय शुरू किया। इसके साथ ही उन्होंने पर्यावरण अनुकूल गणेश प्रतिमाओं एवं विभिन्न गौ-आधारित उत्पादों का निर्माण भी प्रारंभ किया। आजीविका मिशन द्वारा आयोजित हस्तशिल्प मेलों एवं प्रदर्शनियों में उन्हें उत्पादों के विक्रय के लिए अवसर उपलब्ध कराए गए। इससे उनकी नियमित आमदनी शुरू हुई और वे प्रतिमाह लगभग 10 से 12 हजार रुपये की आय अर्जित करने लगी।
अपने कौशल और अनुभव को आगे बढ़ाते हुए सुश्री राधा सिसोदिया आरसेटी में डीएसटी ट्रेनर के रूप में भी कार्य करने लगी। वे प्रमाणित प्रशिक्षक है और प्रशिक्षण सत्रों के दौरान उन्हें प्रतिदिन लगभग 1,200 से 1,500 रुपये मानदेय प्राप्त होता है। इस कार्य से उनकी आय में और वृद्धि हुई है। अब वे अपने अनुभव एवं हुनर के माध्यम से अन्य महिलाओं को भी स्वरोजगार के लिए प्रशिक्षित कर रही हैं।
*नमो ड्रोन दीदी योजना से जुड़कर बनी प्रमाणित ड्रोन पायलट*
आत्मनिर्भरता की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए सुश्री राधा सिसोदिया ने नमो ड्रोन दीदी योजना के अंतर्गत ड्रोन संचालन का प्रशिक्षण प्राप्त किया। उन्हें योजना के माध्यम से ड्रोन उपलब्ध कराया गया और वे प्रमाणित ड्रोन पायलट बनीं। अब वे कृषि कार्यों में ड्रोन के माध्यम से दवा छिड़काव की सेवाएं प्रदान कर रही हैं, जिससे उन्हें प्रति बीघा लगभग 200 रुपये की आय प्राप्त हो रही है।
विभिन्न गतिविधियों, प्रशिक्षण कार्य और ड्रोन संचालन को मिलाकर आज सुश्री राधा सिसोदिया लगभग 30 से 35 हजार रुपये प्रतिमाह की आय अर्जित कर रही हैं। उनकी यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ बना रही है, बल्कि गांव की अन्य महिलाओं को भी आजीविका एवं स्वरोजगार से जुड़ने के लिए प्रेरित कर रही है।
सुश्री राधा सिसोदिया का कहना है कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ने उन्हें प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और उत्पादों के विक्रय के लिए मंच उपलब्ध कराया। इसी सहयोग से वे आज आत्मनिर्भर बन पाई हैं। अब उनका प्रयास है कि गांव की अधिक से अधिक महिलाएं स्व-सहायता समूहों से जुड़कर अपने हुनर को रोजगार में बदलें और आर्थिक रूप से सशक्त बनें।
"राधा सिसोदिया की यह सफलता साबित करती है कि सही प्रशिक्षण, अवसर और दृढ़ संकल्प के साथ ग्रामीण महिलाएं पारंपरिक आजीविका से आगे बढ़कर आधुनिक तकनीक को अपनाते हुए आत्मनिर्भरता की नई इबारत लिख सकती हैं।"
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Collector Office Ujjain