शहीद संग्रहालय में गूंजा देशभक्ति का जयघोष, स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों का सम्मान
80वें स्वतंत्रता दिवस पर वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने फहराया तिरंगा, बच्चों ने दीं देशभक्ति प्रस्तुतियां
शाहजहांपुर। 80वें स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह छावनी परिषद स्थित शहीद संग्रहालय, शाहजहांपुर कैंटोनमेंट में हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी तथा राष्ट्रीय गीत का गायन किया। उन्होंने उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया।कार्यक्रम से पूर्व वित्त मंत्री ने जनप्रतिनिधियों के साथ काकोरी एक्शन के अमर नायकों पंडित राम प्रसाद बिस्मिल, ठाकुर रोशन सिंह एवं अशफाक उल्ला खां की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और सीमाओं की रक्षा करने वाले वीर जवानों को नमन किया।वित्त मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत प्रत्येक क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को पूरा करने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर अपनी प्रतिभा निखारने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारत तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है।समारोह में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में समां बांध दिया। कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन इंदु अजनबी ने किया।इस अवसर पर राज्यसभा सांसद मिथिलेश कठेरिया, सांसद अरुण कुमार सागर, तिलहर विधायक सलोना कुशवाहा, महापौर अर्चना वर्मा, एमएलसी सुधीर गुप्ता, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष डीपीएस राठौर, महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, जिलाध्यक्ष केसी मिश्रा, विनीत मिश्रा, जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित, नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार, एसपी सिटी देवेंद्र कुमार, एसपीआरए दीक्षा भंवरे, नगर मजिस्ट्रेट रजनीकांत, सीईओ कैंटोनमेंट हर्षिता, जिला विद्यालय निरीक्षक हरवंश कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जयशंकर श्रीवास्तव, छावनी परिषद के अवधेश दीक्षित सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
Suresh Kumar Khanna DM Shahjahanpur