स्वतंत्रता दिवस पर डीएम ने कलेक्ट्रेट में किया ध्वजारोहण
देशभक्ति के रंगारंग कार्यक्रमों से सजा कलेक्ट्रेट परिसर
शाहजहांपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने कलेक्ट्रेट परिसर में ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता और अखंडता की शपथ दिलाई। इस दौरान कलेक्ट्रेट परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समां बांध दिया। जिलाधिकारी ने प्रतिभागी बच्चों को उपहार देकर सम्मानित किया।जिलाधिकारी ने कहा कि देश की आजादी के लिए स्वतंत्रता सेनानियों ने अनेक संघर्ष और बलिदान दिए। आज देश विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रत्येक नागरिक को अपने दायित्वों का ईमानदारी और निष्ठा से निर्वहन करते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए। इससे पूर्व जिलाधिकारी ने महात्मा गांधी, लाल बहादुर शास्त्री एवं नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार, नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, नगर मजिस्ट्रेट रजनीकांत, जिला विद्यालय निरीक्षक हरवंश कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जयशंकर श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।