शिवहर में पूजा पंडालों में पहुंचे हम के प्रदेश सचिव आशुतोष राणा, मां भगवती की आराधना कर शांति और सौहार्द का दिया संदेश
शिवहर। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) के प्रदेश सचिव रितेश कुमार उर्फ आशुतोष राणा ने शिवहर शहर सहित जिले के विभिन्न पूजा पंडालों में पहुंचकर मां भगवती की पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने मां दुर्गा से जिलेवासियों के सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
पूजा-अर्चना के बाद आशुतोष राणा ने जिलावासियों से विजयदशमी का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहार हमारी सांस्कृतिक परंपराओं और सामाजिक एकता के प्रतीक हैं। ऐसे अवसरों पर सभी लोगों को आपसी सद्भाव बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण वातावरण में पर्व मनाना चाहिए।
आशुतोष राणा ने मां भगवती के मंगलकारी स्वरूप का वर्णन करते हुए कहा कि मां दुर्गा अपने भक्तों के कष्टों को दूर करने वाली और शरण में आने वालों की रक्षा करने वाली हैं। उन्होंने मां नारायणी से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की।
उन्होंने कहा कि विजयदशमी का पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश देता है। यह पर्व हमें सत्य, धर्म और न्याय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। ऐसे में समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है कि वह पर्व की गरिमा बनाए रखे और आपसी एकता को मजबूत करे।