#सुन्नी में दर्दनाक हादसा, ऑटो अनियंत्रित होकर खाई में गिरा, चालक की मौत
शिमला: शिमला जिले की सुन्नी तहसील के चाबा के पास रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके को झकझोर कर रख दिया। जानकारी के अनुसार ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा और सतलुज नदी के किनारे पत्थरों पर जा पहुंचा। हादसे में ऑटो चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में मृतक की पहचान राजू पुत्र स्वर्गीय रूप राम, निवासी गांव सुम्मी, मंडोड़घाट, डाकघर मंडोड़घाट, तहसील सुन्नी के रूप में बताई गई है। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस-प्रशासन की टीम ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
स्थानीय लोगों के अनुसार हादसे वाली सड़क बेहद जोखिम भरे क्षेत्र से गुजरती है। एक तरफ खड़ी पहाड़ी और दूसरी तरफ गहरी खाई व सतलुज नदी होने के कारण यहां वाहन चालकों के लिए खतरा बना रहता है। ऐसे में सड़क की सुरक्षा व्यवस्था और जोखिम वाले स्थानों पर आवश्यक इंतजामों को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
प्रशासन की ओर से शव को कब्जे में लेकर कानूनी औपचारिकताएं पूरी की गईं। मृतक के परिजनों को तत्काल फौरी राहत के रूप में 25 हजार रुपये की सहायता प्रदान की गई है। अधिकारियों ने नियमों के अनुसार आगे भी हरसंभव सहायता देने की बात कही है।
हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों की खतरनाक सड़कों, सुरक्षा इंतजामों और संवेदनशील मार्गों पर सुरक्षा उपायों की जरूरत को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे दुर्घटना संभावित स्थानों का निरीक्षण कर सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को इस तरह का दर्द न झेलना पड़े।