टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग मामले में बेगूसराय का युवक गिरफ्तार? नाम-पता मैच, परिजन बोले - हमारा बेटा नहीं।
फिल्म अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में मुंबई पुलिस द्वारा तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मुंबई पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में से एक आरोपी बिहार के बेगूसराय का रहने वाला है, जिसका नाम ऋतिक कुमार उर्फ रोशन, पिता रामू महतो, पिपरा बताया गया है।
मुंबई पुलिस की इस सूचना के बाद बेगूसराय पुलिस ने सत्यापन किया तो रतनपुर थाना क्षेत्र के पिपरा गांव में इसी नाम-पते का व्यक्ति मिला। रामू महतो गांव में ही नाश्ते और श्रृंगार की दुकान चलाते हैं। उनका बेटा ऋतिक कुमार उर्फ रोशन है, जिसकी उम्र करीब 22-23 साल है और वह मुंबई में रहता है।
परिजनों के अनुसार बीते दो दिनों से ऋतिक से उनका संपर्क नहीं हो पा रहा है और उसका मोबाइल स्विच ऑफ बता रहा है।
सवाल यह है कि मुंबई पुलिस द्वारा जारी किया गया नाम, पिता का नाम, गांव और उम्र - सब कुछ पिपरा निवासी रामू महतो के परिवार से हूबहू मिलता है। हालांकि परिवार ने पुलिस द्वारा दिखाए गए फोटो को अपना बेटा मानने से इनकार किया है।
रतनपुर थाना पुलिस भी रामू महतो की दुकान पर पहुंच कर जांच-पड़ताल कर चुकी है। फिलहाल यह पुष्टि नहीं हो पाई है कि मुंबई में गिरफ्तार ऋतिक, रामू महतो का ही बेटा है या नहीं।
*मां संयुक्ता देवी का बयान -*
ऋतिक की मां संयुक्ता देवी ने कहा -
"मेरा बेटा मुंबई में रहता है। नाम मैचिंग कर रहा है, लेकिन मेरा बेटा वो नहीं है। पिता का नाम रामू महतो, नाम ऋतिक रोशन है। हम भी खोज रहे हैं, आप मीडिया वालों से भी रिक्वेस्ट है आप भी खोजिए। कल से बात नहीं हो रहा है, स्विच ऑफ बता रहा है। मुंबई में मिस्त्री वाला काम करता था। कोई महिला के द्वारा गोलीबारी की घटना में शामिल होने पर कहा कि नहीं हो सकता है। मेरा बेटा ऐसा नहीं कर सकता है। बाकी भगवान की मर्जी।"
फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि मुंबई में गिरफ्तार युवक बेगूसराय के पिपरा का ऋतिक ही है या नाम का महज इत्तेफाक है।