गिरिडीह जिले में सघन एंटी क्राइम चेकिंग अभियान, अपराधियों पर पुलिस की कड़ी नजर।
पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर जिलेभर में विशेष एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के तहत सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, डीएसपी, पुलिस निरीक्षक तथा थाना व ओपी प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में देर रात तक मौजूद रहकर अभियान की निगरानी कर रहे हैं।
जिले के प्रमुख चौक-चौराहों एवं संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग कर दोपहिया और चारपहिया वाहनों की सघन जांच की गई। इस दौरान वाहन दस्तावेजों की जांच के साथ संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी लेकर पूछताछ की गई तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी गई।
पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने कहा कि जिले में अपराध नियंत्रण और आम नागरिकों को भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि अपराधियों में खौफ कायम रखने के लिए भविष्य में भी जिले के किसी भी थाना क्षेत्र में बिना पूर्व सूचना के औचक एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया जाता रहेगा। साथ ही आम लोगों से संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।
गिरिडीह पुलिस ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों की सुरक्षा के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।