प्रेस विज्ञप्ति
समाहरणालय मधेपुरा
जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय
*कौशल विकास से आत्मनिर्भरता की राह होगी मजबूत : उप विकास आयुक्त अनिल बसाक*
*SBI RSETI में 12 दिवसीय अगरबत्ती निर्माण प्रशिक्षण सम्पन्न, प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित; सिलाई प्रशिक्षण का भी किया निरीक्षण*
मधेपुरा, 07 अगस्त 2026।
ग्रामीण युवाओं एवं महिलाओं को कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (SBI RSETI), मधेपुरा द्वारा आयोजित 12 दिवसीय अगरबत्ती निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। समापन समारोह में उप विकास आयुक्त, मधेपुरा श्री अनिल बसाक एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी, सिंहेश्वर श्रीमती ज्योति गामी ने प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त श्री अनिल बसाक ने कहा कि कौशल विकास आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की आधारशिला है। प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान और कौशल को स्वरोजगार से जोड़कर युवा एवं महिलाएं न केवल आर्थिक रूप से सशक्त बन सकते हैं, बल्कि अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर सृजित कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में उद्यमिता को बढ़ावा देने तथा आजीविका के नए अवसर उपलब्ध कराने में SBI RSETI की भूमिका अत्यंत सराहनीय है।
कार्यक्रम के दौरान उप विकास आयुक्त एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी ने संस्थान में संचालित सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशिक्षण कक्षों का अवलोकन कर प्रशिक्षणार्थियों से संवाद किया तथा प्रशिक्षण की गुणवत्ता, उपलब्ध संसाधनों एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने प्रशिक्षणार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें अपने कौशल को स्वरोजगार एवं आय सृजन का माध्यम बनाने के लिए प्रेरित किया।
संस्थान के निदेशक श्री अरुण कुमार ने प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा एवं उपलब्धियों की जानकारी देते हुए कहा कि संस्थान का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं एवं महिलाओं को रोजगारपरक कौशल प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
कार्यक्रम का संचालन संकाय सदस्य श्री राजन कुमार सिंह एवं श्री रॉबिन कुमार ने किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में कार्यालय सहायक श्री लोकेश कुमार, श्री राहुल कुमार सहित संस्थान के सभी कर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
समारोह में संस्थान के पदाधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar