मुजफ्फरपुर में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह की भव्य तैयारी पूरी
पंडित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होगा मुख्य राजकीय समारोह
-----------------------------
मुजफ्फरपुर,
13 अगस्त, 2026
15 अगस्त को 80वां स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर मुजफ्फरपुर जिले में जिला स्तर से लेकर प्रखंड एवं पंचायत स्तर तक समारोह अत्यंत धूमधाम, उल्लास एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर जिले का मुख्य राजकीय समारोह मुजफ्फरपुर स्थित ऐतिहासिक पंडित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम, सिकंदरपुर में आयोजित किया जाएगा। समारोह में माननीय मंत्री राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग सह जिला प्रभारी मंत्री डॉ० दिलीप कुमार जायसवाल के कर कमलों द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा तथा वे उपस्थित जनसमूह को संबोधित करेंगे।
स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री कुमार गौरव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री कांतेश कुमार मिश्र द्वारा सिकंदरपुर स्टेडियम में आयोजित अंतिम रिहर्सल का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परेड में शामिल सभी टुकड़ियों की तैयारी का जायजा लिया तथा अधिकारियों एवं जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि समारोह की गरिमा, अनुशासन एवं प्रोटोकॉल का पूर्ण रूप से पालन सुनिश्चित किया जाए।
परेड में विभिन्न विभागों की अनुशासित टुकड़ियाँ भाग लेंगी। इसमें बीएसएपी, डीएपी, होमगार्ड (पुरुष), फायर ब्रिगेड, सैप, होमगार्ड बैंड, मद्य निषेध विभाग, एनसीसी तथा स्काउट एंड गाइड की टुकड़ियाँ शामिल रहेंगी। अधिकारियों द्वारा सभी टुकड़ियों को मार्च पास्ट को समन्वय, अनुशासन एवं एकरूपता के साथ संपन्न करने का निर्देश दिया गया।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विधि-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिलाधिकारी ने डीएसपी ट्रैफिक को निर्देश दिया है कि यातायात की सुचारू एवं सुदृढ़ व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके अतिरिक्त विधि-व्यवस्था संधारण के लिए पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती करने तथा उनके दायित्वों का स्पष्ट निर्धारण करने का सख्त निर्देश दिया गया है।
सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ स्वास्थ्य एवं स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया है कि स्टेडियम परिसर में मेडिकल टीम की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटा जा सके। साथ ही मैदान की साफ-सफाई, रंग-रोगन, मंच की सजावट, बैठने की व्यवस्था एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं को समय से पूर्ण करने का निर्देश दिया गया है।
जिलाधिकारी द्वारा स्वतंत्रता दिवस समारोह को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं गरिमामय ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे समारोह मे शिरकत कर राष्ट्रीय पर्व को उत्साह एवं गर्व के साथ मनाएं।
4 views | Muzaffarpur, Bihar | Aug 13, 2026