जिला स्तरीय पर्यटन क्विज में शासकीय कन्या संस्कृत विद्यालय भेल बरखेड़ा प्रथम
238 टीमों के 714 विद्यार्थियों ने दी बौद्धिक सहभागिता, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गुंजायमान हुआ परिसर
भोपाल के टीआईटी कॉलेज परिसर में जिला स्तरीय पर्यटन क्विज प्रतियोगिता का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। मध्य प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक धरोहरों और पर्यटन स्थलों के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता एवं रुचि जागृत करने के उद्देश्य से आयोजित इस स्पर्धा में जिले की 238 टीमों से 714 छात्र-छात्राओं ने अपनी बौद्धिक क्षमता का परिचय दिया।
प्रतियोगिता का प्रथम चरण लिखित परीक्षा के रूप में आयोजित किया गया। लिखित परीक्षा के उपरांत सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली शीर्ष 6 टीमों का चयन मुख्य मल्टीमीडिया क्विज राउंड के लिए हुआ। इस चक्र में मध्य प्रदेश के विविध पर्यटन स्थलों, ऐतिहासिक संदर्भों और लोक-संस्कृति पर आधारित रोचक प्रश्न पूछे गए। ऑडियो-विजुअल माध्यम से प्रस्तुत प्रश्नों का विद्यार्थियों ने अत्यधिक उत्साह और दक्षता के साथ उत्तर दिया। अत्यंत प्रतिस्पर्धी मुकाबले के उपरांत शासकीय उच्चतर माध्यमिक कन्या संस्कृत विद्यालय भेल बरखेड़ा ने प्रथम स्थान अर्जित कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में सागर पब्लिक स्कूल साकेत नगर द्वितीय स्थान पर तथा सागर पब्लिक स्कूल रोहित नगर तृतीय स्थान पर रहे।
इसके अतिरिक्त शासकीय सुभाष उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शिवाजी नगर ने चतुर्थ, शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बरखेड़ी जहांगीराबाद ने पंचम तथा सागर पब्लिक स्कूल गांधीनगर ने छठा स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अपर कलेक्टर श्रीमती ईला तिवारी, पर्यटन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. एस. के. श्रीवास्तव, जिला शिक्षा अधिकारी श्री अभिनव आर्य, जिला पंचायत भोपाल के संयुक्त सचिव श्री संदीप श्रीवास्तव, क्विज मास्टर श्रीमती सुनीता तोमर, पर्यटन क्विज के राज्य समन्वयक श्री रविकांत ठाकुर एवं श्री प्रदीप सेन उपस्थित रहे।
अतिथियों ने विजयी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए पर्यटन संस्कृति से जुड़ने का आह्वान किया। इस अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में मध्य प्रदेश की लोक संस्कृति एवं देशभक्ति की झलक देखने को मिली, जिससे पूरा आयोजन एक उत्सव के रूप में परिवर्तित हो गया।
CM Madhya Pradesh
Madhya Pradesh Tourism
Jansampark Madhya Pradesh
Department of Culture, Madhya Pradesh
Department of School Education, Madhya Pradesh
#Bhopal