सुखासन नदी को कचरा डंपिंग ग्राउंड बनाने पर भड़कीं विनीता भारती, बोलीं– नदियों को बर्बाद करने पर तुला नगर प्रशासन!
मधेपुरा।
मधेपुरा नगर परिषद द्वारा सुखासन नदी के किनारे कचरा फेंके जाने से स्थानीय लोगों में आक्रोश भड़क उठा है। सोमवार को वार्ड संख्या 25 एवं 26 के लोगों ने कचरा डंपिंग के विरोध में जोरदार प्रदर्शन कर नगर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
सूचना मिलते ही पूर्व पार्षद एवं मुख्य पार्षद प्रत्याशी कुमारी विनीता भारती मौके पर पहुंचीं और आंदोलनकारियों का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि सुखासन नदी कोई कचरा डंपिंग ग्राउंड नहीं है। नगर प्रशासन की इस लापरवाही से नदी का अस्तित्व, पर्यावरण और लोगों का स्वास्थ्य खतरे में पड़ सकता है। ऐसा लगता है कि नगर प्रशासन मधेपुरा की नदियों को बर्बाद करके ही दम लेगा।
उन्होंने मांग की कि नदी किनारे कचरा फेंकने पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा जमा कचरे का उचित निस्तारण कर वैकल्पिक व्यवस्था की जाए।
वहीं, युवा नेता अमित कुमार बल्टन और आनंद कुमार ने भी नगर परिषद की कार्यशैली का विरोध करते हुए नदी को प्रदूषण से बचाने की मांग की। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी कि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन में सुजीत कुमार, देवशीष कुमार, अजित कुमार, रौशन राज बोआ, बिपिन कुमार, भूषण कुमार, प्रो. मनीष कुमार, मुकेश भगत, राजेश कुमार, अशोक यादव, डॉ. सुदर्शन कुमार, मंजेश कुमार एवं अधिवक्ता रविशंकर रमन सहित अन्य लोग मौजूद थे।