विधायक अनुराधा राणा ने शांशा व रानिका पंचायत के गांवों का किया दौरा, सुनीं जनसमस्याएं
अधिकारियों को विकास कार्य तय समय सीमा में पूरा करने के दिए निर्देश
Kullu Times
विधायक लाहौल-स्पीति अनुराधा राणा ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ ग्राम पंचायत रानिका के रूडिंग, मेलिंग, रवालिंग, तेलिंगवे, ढवाशां, यंगकिर्तिग, ढपाक और किर्तिंग सहित ग्राम पंचायत शांशा का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की।
विधायक ने विभिन्न गांवों में लोगों द्वारा उठाई गई समस्याओं पर संबंधित विभागों के अधिकारियों से चर्चा की और उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने तथा सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
विधायक अनुराधा राणा ने कहा कि ग्राम पंचायतों के प्रत्येक गांव और प्रत्येक वार्ड का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है। ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने, विकास कार्यों को गति देने और आमजन की समस्याओं का समाधान करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता से सीधे संवाद के माध्यम से स्थानीय जरूरतों को समझकर प्राथमिकता के आधार पर कार्य किए जा रहे हैं, ताकि विकास का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच सके।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेंद्र, जिला परिषद उपाध्यक्ष सुरेश कुमार, बीडीसी उपाध्यक्ष अनिता, पूर्व प्रधान मानदासी, प्रधान उषा, प्रधान प्रशांत, उपप्रधान चमन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, पंचायत प्रतिनिधि एवं पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Anuradha Rana
Kullu, Kullu | Oct 29, 2026