सवाई माधोपुर नगर परिषद में उपसभापति चुनाव के नामांकन पर हंगामा, पुलिस से उलझे भाजपा पदाधिकारी
सवाई माधोपुर। नगर परिषद में सोमवार को सभापति पद के चुनाव के बाद मंगलवार को उपसभापति पद के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई। सुबह 10 बजे नामांकन के दौरान नगर परिषद परिसर में उस समय हंगामा हो गया, जब भाजपा पदाधिकारियों को अंदर जाने से पुलिस ने रोक दिया।
जानकारी के अनुसार, चुनाव प्रभारी मदन प्रजापत को भी अंदर जाने से रोके जाने पर उनकी सीओ सिटी राजेंद्र मीणा से कथित तौर पर धक्का-मुक्की हो गई। इस दौरान मदन प्रजापत ने नाराजगी जताते हुए कहा, “मैं चुनाव प्रभारी हूं, मुझे कैसे रोक सकते हो। SDM को बुलाओ, ये कौनसा नियम है।”
वहीं भाजपा पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से बात करने की बात कहते हुए अंदर जाने का प्रयास किया। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन बाद में सभी लोग नगर परिषद परिसर के अंदर चले गए। घटना के चलते कुछ देर तक परिसर में तनावपूर्ण माहौल बना रहा।