राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नवादा, माननीय प्रभारी मंत्री के नेतृत्व में निकली “हर घर तिरंगा यात्रा”।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की भावना को सुदृढ़ करने तथा आमजन को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना से जोड़ने के उद्देश्य से आज दिनांक 12 अगस्त 2026 को नवादा में “हर घर तिरंगा यात्रा कार्यक्रम 2026” का आयोजन किया गया।
डॉ० संतोष कुमार सुमन, माननीय मंत्री, लघु जल संसाधन विभाग, बिहार सरकार-सह-प्रभारी मंत्री, नवादा जिला एवं जिला पदाधिकारी, श्री रवि प्रकाश के संयुक्त नेतृत्व में जिला अतिथि गृह, नवादा से भव्य तिरंगा यात्रा प्रारंभ हुई। तिरंगा यात्रा जिला अतिथि गृह से प्रारंभ होकर अम्बेदकर पार्क (कलेक्ट्रेट गेट) तक पहुँची।
तिरंगा यात्रा में जिला प्रशासन के पदाधिकारी एवं कर्मी, जनप्रतिनिधिगण, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मी, युवा, विद्यार्थी, एनसीसी कैडेट, स्काउट एवं गाइड, जीविका दीदियां, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए लोगों ने राष्ट्रप्रेम एवं देशभक्ति के नारों के साथ राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश दिया।
इस अवसर पर माननीय प्रभारी मंत्री ने जिलेवासियों से “हर घर तिरंगा” अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं कार्यालयों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना को प्रदर्शित करने का आह्वान किया।
तिरंगा यात्रा के समापन के पश्चात अम्बेदकर पार्क परिसर में स्थापित भारत रत्न डॉ० भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माननीय प्रभारी मंत्री, जिला पदाधिकारी सहित उपस्थित पदाधिकारियों एवं गणमान्य लोगों द्वारा माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
नवादा से राकेश कुमार चन्दन की रिपोर्ट !
Nawada, Nawada | Aug 12, 2026