चूरू में सजा पिकल बॉल का मैच, जिला कलक्टर और एसपी ने खेलकर किया शुभारंभ
चूरू। शहर के मनोरंजन क्लब में रविवार को एकदिवसीय जिला स्तरीय पिकल बॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा एवं पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम ने पिकल बॉल खेलकर किया। इस दौरान अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।
मुख्य अतिथि जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज मोबाइल के बढ़ते चलन के दौर में बच्चों के लिए खेल बेहद जरूरी हैं। खेलों से बच्चों का शारीरिक एवं मानसिक विकास होता है और शरीर स्वस्थ व तंदुरुस्त रहता है। उन्होंने बच्चों को पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम ने कहा कि इस तरह के खेल आयोजन लगातार होने चाहिए। वर्तमान समय में खेलों के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने मनोरंजन क्लब में पिकल बॉल प्रतियोगिता के आयोजन को सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि छोटे बच्चों के लिए भी इसमें तीन-चार श्रेणियों में मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं। चूरू शहर के हृदय स्थल पर इस तरह का आयोजन होना भी विशेष बात है।
पिकल बॉल के अध्यक्ष महादेव सिंह महिया एवं सचिव संजय पूनिया के नेतृत्व में प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ भाग लेते हुए शानदार खेल प्रदर्शन किया और अगले राउंड में प्रवेश किया।
द पैडल हाउस की सचिव शकुंतला पूनिया ने प्रतियोगिता की जानकारी देते हुए बताया कि इसमें अंडर-18 बॉयज सिंगल्स, मेंस सिंगल्स इंटरमीडिएट, मेंस डबल्स, गर्ल्स सिंगल्स, गर्ल्स डबल्स, वुमेंस सिंगल्स एवं डबल्स ओपन सहित विभिन्न श्रेणियों में मुकाबले आयोजित किए गए।
इस अवसर पर क्लब सचिव डॉ. एफएच गौरी, रमेश पूनिया, विनोद गढ़वाल, पुलकित अग्रवाल, जयप्रकाश बागोरिया, सतीश तलवानी एवं शकुंतला पूनिया ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन शिशुपाल बुडानिया ने किया।
#tharkiawaazajay #churu #pickleball #sports #manoranjanclub Kunj Bihari Birmiwala
Churu, Churu | Nov 29, 2026