रास गरबा की धूम से झूम उठा पंचकूला, हजारों महिलाओं ने किया गरबा-डांडिया
होटल पल्लवी ग्रांड में गुजरात की संस्कृति का दिखा अद्भुत रंग
पंचकूला, 18 अक्टूबर : पंचकूला में आयोजित रास गरबा एवं डांडिया महोत्सव-2026 में शनिवार को डांडिया की ऐसी धूम रही कि पूरा पंचकूला गरबा के रंग में रंगा नजर आया। होटल पल्लवी ग्रांड, सेक्टर-5 में आयोजित महोत्सव में हजारों की संख्या में महिलाएं और परिवार पहुंचे तथा पारंपरिक परिधानों में सजकर गरबा और डांडिया किया। डीजे पर बजते गरबा गीतों के साथ महिलाओं के थिरकते कदम और डांडिया की खनक ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया।
महोत्सव में भावना पारिख, मीना वर्मा और डॉ. साधना अग्रवाल ने महिलाओं को डांडिया करवाया। महिलाओं ने पूरे उत्साह के साथ उनके साथ कदम से कदम मिलाकर डांडिया खेला। मनीषी गुप्ता, रितु गुप्ता, मनमीत गर्ग, सिमरन गुप्ता, मोनिका, गीतू और रुचि जैन की भी आयोजन में सक्रिय सहभागिता रही।
धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारियों और महिलाओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
रास गरबा एवं डांडिया महोत्सव में पंचकूला की विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं के पदाधिकारियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। सभी ने मिलकर गरबा और डांडिया खेलते हुए सांस्कृतिक एकता और भाईचारे का संदेश दिया। विभिन्न संस्थाओं से जुड़े पदाधिकारियों और सदस्यों की मौजूदगी ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया।
बच्चों के लिए झूले बने आकर्षण, खाने के स्टॉलों पर उमड़ी भीड़
महोत्सव में जहां महिलाएं गरबा और डांडिया में जमकर झूम रही थीं, वहीं बच्चों के लिए लगाए गए झूले आकर्षण का प्रमुख केंद्र बने रहे। बच्चों ने झूलों का खूब आनंद लिया। दूसरी ओर विभिन्न स्टॉलों पर भी लोगों की भारी भीड़ रही। परिवारों ने चाट, टिक्की, डोसा सहित अनेक स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लिया।
रतन लाल कटारिया ट्रस्ट और होटल पल्लवी ग्रांड की पहल
श्री रतन लाल कटारिया ट्रस्ट एवं होटल पल्लवी ग्रांड द्वारा आयोजित इस महोत्सव में होटल पल्लवी ग्रांड के मालिक राजीव गुप्ता, संयोजक दिनेश गुप्ता, सुरिंदर गोयल, धर्मपाल सिंगला और संजय जैन सहित अनेक लोगों का सहयोग रहा।
आयोजकों ने कहा कि रास गरबा एवं डांडिया महोत्सव के माध्यम से पंचकूला के लोगों को गुजरात की समृद्ध संस्कृति और पारंपरिक गरबा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। आयोजन में सभी के लिए निःशुल्क प्रवेश रखा गया है, जिसके कारण रोजाना बड़ी संख्या में लोग परिवार सहित पहुंच रहे हैं।
महोत्सव में बढ़ती भीड़ और लोगों का उत्साह यह दर्शा रहा है कि रास गरबा एवं डांडिया महोत्सव पंचकूला की सांस्कृतिक पहचान का नया आकर्षण बन गया है। डांडिया की खनक, गरबा की ताल, स्वादिष्ट व्यंजनों की खुशबू और बच्चों की खिलखिलाहट ने होटल पल्लवी ग्रांड परिसर को एक भव्य सांस्कृतिक उत्सव में बदल दिया।