दशहरा पर्व को लेकर पंचकूला पुलिस अलर्ट
625 पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा की कमान
डीसीपी अदिति सिंह ने दशहरा ग्राउंड का किया निरीक्षण
शालीमार ग्राउंड के आसपास 7 विशेष नाके स्थापित, दोपहर 2 से रात 8 बजे तक बदली रहेगी यातायात व्यवस्था
पुलिस की अपील: वाहन चालक सेक्टर-5, 8 और 9 स्थित शोरूम की पार्किंग तथा धरनास्थल पर निर्धारित पार्किंग स्थानों में खड़ा करे
शालीमार ग्राउंड में प्रवेश के लिए होटल द कोव के सामने वाले गेट से पासधारकों को प्रवेश दिया जाएगा, जबकि अन्य सभी गेट आमजन के लिए खुले रहेंगे
सेक्टर-5 नाइट फूड मार्केट से शालीमार ग्राउंड के साथ लगते कैक्टस गार्डन तक का मार्ग एकतरफा रहेगा, शालीमार चौक से सेक्टर-8/9 की ट्रैफिक लाइटों की ओर जाने वाली स्लिप रोड बंद रहेगी
पंचकूला 19 अक्टूबर:- दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के लिए पंचकूला पुलिस ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के व्यापक प्रबंध किए हैं। पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के निर्देशानुसार शहरभर में पुलिस बल की तैनाती, विशेष नाकाबंदी, गश्त और यातायात प्रबंधन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। दशहरा उत्सव के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेगी।
डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह ने आज सेक्टर-5 स्थित दशहरा ग्राउंड का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि दशहरा पर्व के दौरान पंचकूला में कुल 625 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा चार एसीपी स्तर के अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है। शालीमार ग्राउंड के आसपास 7 विशेष नाके स्थापित किए गए हैं, जबकि दशहरा ग्राउंड, प्रवेश एवं निकास मार्गों, होटलों, बस स्टैंड और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
डीसीपी ने बताया कि दशहरा पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। पीसीआर और बाइक राइडर टीमें दशहरा ग्राउंड तथा आसपास के क्षेत्रों में निरंतर गश्त करेंगी, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। इसके अतिरिक्त सेक्टर-14, 15, 16 और 19, रायपुररानी, चंडीमंदिर थाना क्षेत्र, पिंजौर और कालका में आयोजित होने वाले दशहरा उत्सवों को ध्यान में रखते हुए भी विशेष सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं।
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने आमजन से अपील की है कि वे दशहरा पर्व को शांति, सद्भाव और सौहार्द के साथ मनाएं तथा सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि पंचकूला पुलिस आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने और त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
शालीमार ग्राउंड के आसपास यातायात व्यवस्था में रहेगा बदलाव, पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
दशहरा पर्व के दौरान शालीमार ग्राउंड में आने वाले लोगों की सुविधा और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए पंचकूला पुलिस ने विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहन सेक्टर-5, 8 और 9 स्थित शोरूम की पार्किंग तथा धरनास्थल पर निर्धारित पार्किंग स्थानों में ही खड़े करें, ताकि मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति उत्पन्न न हो और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े।
ट्रैफिक एडवाइजरी के अनुसार, दशहरा पर्व के दौरान दोपहर 2 बजे से शाम 8 बजे तक सेक्टर-5 नाइट फूड मार्केट से शालीमार ग्राउंड के साथ लगते कैक्टस गार्डन तक का मार्ग एकतरफा रहेगा। इसके अलावा शालीमार चौक से सेक्टर-8/9 की ट्रैफिक लाइटों की ओर जाने वाली स्लिप रोड बंद रहेगी। ऐसे में वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वे इन मार्गों का इस्तेमाल करने से बचें और अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें।
पुलिस के अनुसार शालीमार ग्राउंड में प्रवेश के लिए होटल द कोव के सामने वाले गेट से पासधारकों को प्रवेश दिया जाएगा, जबकि अन्य गेट आमजन के लिए खुले रहेंगे। लोगों से अपील की गई है कि वे प्रवेश संबंधी व्यवस्था का ध्यान रखें और पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें।
पंचकूला पुलिस ने वाहन चालकों से अनुरोध किया है कि वे शालीमार ग्राउंड के आसपास अनावश्यक रूप से वाहन लेकर न जाएं, निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें और यातायात नियमों का पालन करें। आमजन के सहयोग से दशहरा पर्व के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के साथ सभी के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल सुनिश्चित किया जा सकेगा।
पंचकूला की हर बड़ी खबर के लिए Follow करें।
#panchkulanews #panchkula #panchkulasocialmedia
Panchkula, Panchkula | Oct 19, 2026