दिल्ली में एक बार फिर चाकूबाजी की वारदात ने सनसनी फैला दी है...
एक 15 साल का छात्र... जो स्कूल जा रहा था... रास्ते में कुछ लड़कों को लड़की से छेड़छाड़ करते देख उन्हें रोकने पहुंचा... लेकिन आरोप है कि इसके बाद उन्हीं लड़कों ने छात्र पर चाकू से हमला कर दिया... गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाए गए छात्र की इलाज के दौरान मौत हो गई।
मामला दिल्ली के नांगलोई इलाके का है।
जानकारी के मुताबिक, 15 वर्षीय ध्रुव स्कूल जाने के लिए निकला था। इसी दौरान भूतों वाली गली के पास कुछ लड़के एक लड़की से कथित तौर पर छेड़छाड़ कर रहे थे। ध्रुव ने इसका विरोध किया और उन्हें रोकने की कोशिश की।
आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर 5 से 6 लड़कों ने ध्रुव पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में ध्रुव गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार मौके पर पहुंचा और पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने घायल छात्र को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन कुछ समय बाद ही उसकी मौत हो गई।
वारदात के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए गए।
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में तीन लड़कों को पकड़ा गया है और तीनों के नाबालिग होने की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और बाकी आरोपियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
लेकिन दिल्ली में यह पहली ऐसी घटना नहीं है, जहां छेड़छाड़ का विरोध करने पर परिवार को हिंसा का सामना करना पड़ा हो।
हाल ही में रोहिणी इलाके से भी ऐसा ही मामला सामने आया था। यहां घर के पास रहने वाले तीन लड़कों पर 10वीं की छात्रा से छेड़छाड़ और हमला करने का आरोप लगा था।
बताया गया कि छात्रा और उसके परिवार की महिलाओं ने जब इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। घटना में छात्रा की मां और दादी समेत तीन लोग घायल हो गए थे। सभी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
नांगलोई की इस वारदात ने एक बार फिर दिल्ली में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही साफ होगा कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और हत्या की पूरी वजह क्या थी।
#crimenews #crimereport #juvenilecrime #juvenilejusticeact #delhinews #delhi #delhipolice #ncrnews