शादी से इनकार बनी हत्या की वजह? नाबालिग को कार में अगवा कर कैंसर पहाड़िया ले गए, 12 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार...
ग्वालियर के कम्पू थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय नाबालिग की हत्या के मामले में पुलिस ने 12 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ईशान खान युवती पर शादी का दबाव बना रहा था और उसके इनकार के बाद साथी अरवाज खान के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। 30 अगस्त की रात दोनों ने परिचित से बलेनो कार लेकर साड़ी की दुकान के आसपास रेकी की और KRG कॉलेज के पास से युवती को कथित तौर पर जबरन कार में बैठाकर कैंसर पहाड़िया ले गए। वहां गला घोंटकर हत्या करने के बाद शव झाड़ियों में फेंक दिया और कार वापस कर दी। अगले दिन शव मिलने के बाद पुलिस ने CCTV और मुखबिर तंत्र की मदद से दोनों आरोपियों को महलगांव से पकड़ा और वारदात में इस्तेमाल कार भी जब्त कर ली। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।