विवाहिता का आरोप, ससुरालीजनों ने बेरहमी से पीटा और घर से निकाला
.
#हरदोई: अरवल थाना क्षेत्र में विवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने और घर से निकालने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि घटना को एक महीने से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया है।
पीड़िता स्वाति (23 वर्ष), निवासी ग्राम भड़ायल, थाना टड़ियावां, का विवाह करीब चार वर्ष पूर्व ग्राम धीरज, थाना अरवल निवासी अरविन्द सिंह पुत्र राजबहादुर सिंह के साथ हुआ था। पीड़िता के परिजनों का कहना है कि शादी में करीब 20 लाख रुपये मूल्य का दहेज दिया गया था। इसके बावजूद ससुराल पक्ष कथित रूप से एक चार पहिया वाहन और 5 लाख रुपये नकद की अतिरिक्त मांग करने लगा।
पीड़िता का आरोप है कि मांग पूरी न होने पर उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। कई बार कमरे में बंद कर बेल्ट, लाठी-डंडों और लात-घूंसों से मारपीट की गई। 9 जून 2026 की शाम भी उसके साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी देते हुए घर से निकाल दिया गया। प्रार्थना पत्र में पीड़िता ने पति, ससुर, सास, देवर, ननद व बहनोई पर प्रताड़ना और मारपीट के आरोप लगाए हैं।
पीड़िता का कहना है कि वह एक महीने से अधिक समय से अरवल थाने के चक्कर लगा रही है, लेकिन अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई। न्याय न मिलने पर उसने पुनः प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जाँच कराए जाने की बात कही है।
रिपोर्ट: Akhil Singh | TheTelecast
Hardoi, Hardoi | Jul 23, 2026