सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के तहत विशेष ट्रेन रेवाड़ी से रवाना, 246 श्रद्धालु हुए शामिल#विधायक लक्ष्मण सिंह यादव व जिला अध्यक्ष वंदना पोपली ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
रेवाड़ी ब्रेकिंग:- भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय तथा हरियाणा सरकार के सहयोग से आयोजित सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत विशेष रेलगाड़ी को मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी द्वारा कुरूक्षेत्र से सोमनाथ के लिए रवाना किया गया। इसी क्रम में रेवाड़ी जंक्शन पर ट्रेन के आगमन पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। रेवाड़ी जंक्शन से रेवाड़ी, झज्जर, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़ एवं भिवानी जिलों के कुल 246 श्रद्धालु यात्रा में शामिल हुए।
रेवाड़ी में विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं तथा ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. वंदना पोपली विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा सोमनाथ स्वाभिमान पर्व मनाया जा रहा है। इसी के तहत मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी द्वारा मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को सोमनाथ दर्शन का अवसर प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व भी इस योजना के अंतर्गत श्रद्धालुओं को नांदेड़ साहिब, अयोध्या, प्रयागराज सहित अन्य प्रमुख तीर्थ स्थलों की यात्रा करवाई जा चुकी है।
भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. वंदना पोपली ने भी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए इस योजना को वृद्धजनों के लिए अत्यंत लाभकारी और सराहनीय बताया।
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने मेरे तन में भी राम, मेरे मन में भी राम भजन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भक्तिमय वातावरण से जोड़ा। इस अवसर पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा श्रद्धालु के लिए स्टेशन पर जलपान का विशेष प्रबंध किया गया था। श्रद्धालुओं ने भी हरियाणा सरकार का सोमनाथ यात्रा के लिए आभार व्यक्त किया।
Rewari, Rewari | Jun 9, 2026