बिलासपुर तहसील क्षेत्र में रात होते ही लाइन फाल्ट, बिजली विभाग के कर्मचारियों का पता नहीं
उमरिया जिले के बिलासपुर तहसील क्षेत्र में रात होते ही बिजली व्यवस्था चरमरा जाती है। आए दिन लाइन फाल्ट होने से ग्रामीणों को घंटों बिजली कटौती का सामना करना पड़ता है। सबसे बड़ी समस्या यह है कि बिजली फाल्ट होने की स्थिति में तहसील मुख्यालय स्थित सब स्टेशन पर पर्याप्त कर्मचारी तैनात नहीं रहते।
ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली की समस्या की जानकारी लेने के लिए जब विभागीय कर्मचारियों को फोन लगाया जाता है, तो कई बार फोन नहीं उठाया जाता और कुछ कर्मचारियों द्वारा अभद्र भाषा का प्रयोग किए जाने की शिकायत भी सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि एक ऑपरेटर लगातार तीन दिन तक ड्यूटी करता है, जबकि ड्यूटी का कोई निर्धारित टाइम टेबल स्पष्ट नहीं है।
बरसात के मौसम में रात के समय बिजली गुल होने से ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ जाती है। अंधेरे में जहरीले कीड़े-मकौड़ों का डर बना रहता है। बिजली की अनियमित आपूर्ति से आमजन के साथ-साथ किसानों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन एवं बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की है कि बिलासपुर तहसील मुख्यालय के सब स्टेशन पर पर्याप्त कर्मचारियों की नियमित तैनाती की जाए, ताकि रात के समय लाइन फाल्ट होने पर तत्काल सुधार कार्य कराया जा सके और क्षेत्र की जनता को राहत मिल सके।