मधेपुरा में कोसी का कहर, कई गांवों में घुसा पानी; DM ने नाव से लिया जायजा
मधेपुरा जिले के आलमनगर और चौसा प्रखंड के निचले इलाकों में कोसी नदी का पानी फैलने से बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद एक दर्जन से ज्यादा गांव प्रभावित हुए हैं। कई इलाकों में पानी घरों तक पहुंच गया है, जिससे ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों की ओर जाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
बाढ़ के कारण लोगों के सामने रोजमर्रा की जरूरतों का संकट भी खड़ा हो गया है। ग्रामीणों को खाना पकाने के लिए सूखी लकड़ी और मवेशियों के लिए हरे चारे की कमी का सामना करना पड़ रहा है। पानी भरने से बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हुई है।
नाव से गांवों में पहुंचे डीएम
बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के लिए डीएम अभिषेक रंजन ने बुधवार को नाव से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने जलस्तर की स्थिति, आवागमन, राहत-बचाव कार्य और प्रभावित परिवारों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली।
Bihar, India | Sep 12, 2026