सोलन से रास्ता भटककर पंचकूला पहुंची मानसिक रुप से बीमार युवती, पुलिस ने सुरक्षित परिजनो से मिलवाया
पंचकूला/ 26 अगस्त :- पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के नेतृत्व में पंचकूला पुलिस गुमशुदा लोगों की सुरक्षित बरामदगी को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। एक नये मामलें में पुलिस ने हिमाचल प्रदेश से रास्ता भटककर पंचकूला पहुंची एक युवती को सुरक्षित उसके परिजनों से मिलवाकर एक सराहनीय कार्य किया है।
डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह के अनुसार 25 अगस्त की सुबह करीब 10 बजे एक 25 वर्षीय युवती, जो सोलन (हिमाचल प्रदेश) की निवासी है, मानसिक रूप से अस्वस्थ होने के कारण घर से बिना बताए निकल गई थी। बीती रात करीब 11 बजे हमारी टीम को गश्त के दौरान चंडीमंदिर लाईटों के पास वही युवती लावारिस अवस्था में भटकते हुए मिली। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रामपाल की अगुवाई में टीम ने तत्परता दिखाते हुए युवती को सुरक्षित चंडीमंदिर थाना लाया गया जहां महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में युवती को सुरक्षित ठहराया गया। पूछताछ के दौरान युवती की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं पाई गई, जिस पर संवेदनशीलता के साथ उनकी जानकारी एकत्र कर पहचान सुनिश्चित करने का प्रयास किया।
पुलिस द्वारा युवती का पता लगाने के बाद उसके परिजनों से संपर्क किया गया। परिजनों ने बताया कि युवती मानसिक बीमारी से ग्रसित है और उसका उपचार चल रहा है, साथ ही वह पहले भी घर से निकल चुकी थी। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद युवती को आज सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। अपनी बेटी को सुरक्षित पाकर परिजनों ने पंचकूला पुलिस का हृदय से आभार व्यक्त किया।
Panchkula, Panchkula | Aug 26, 2026