उरई पुलिस ने कुख्यात सजायाफ्ता अपराधी महेन्द्र सिंहानिया और उसके 2 साथियों को रंगदारी मामले में किया गिरफ्तार
उरई (जालौन): जनपद जालौन की कोतवाली उरई पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने रंगदारी मांगने के मुकदमे में वांछित कुख्यात सजायाफ्ता अपराधी महेन्द्र कुमार वर्मा उर्फ महेन्द्र सिंहानिया और उसके दो साथियों, शंकर कुशवाहा एवं पूजा कुशवाहा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस जांच और पूछताछ में यह खुलासा हुआ है कि महेन्द्र सिंहानिया एक संगठित गिरोह चलाता है। यह गिरोह फर्जी जमीनों की खरीद-फरोख्त करके भोले-भाले ग्राहकों को फंसाता था और उनसे भारी रकम ऐंठता था। यदि कोई पीड़ित इसका विरोध करता, तो गिरोह के सदस्य उसे रंगदारी, बलात्कार और एससी/एसटी (SC/ST) एक्ट जैसे झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देते थे।
पुलिस के अनुसार, मुख्य अभियुक्त महेन्द्र सिंहानिया का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उस पर मादक पदार्थों की तस्करी, जालसाजी व जानलेवा हमले सहित एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के एक मामले में उसे 10 साल की सजा भी हो चुकी है और वह उच्च न्यायालय से जमानत पर बाहर था। पुलिस अब गिरोह के अन्य फरार सदस्यों, यशपाल उर्फ बब्बू और शकील उर्फ रिहान की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
Jalaun, Jalaun | Sep 20, 2026