*अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर केंद्रीय संचार ब्यूरो इंदौर की दो दिवसीय योग प्रदर्शनी का समापन*
--------------------
*योग, प्राणायाम, प्रश्नमंच एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए स्वस्थ जीवन का संदेश*
--------------------
*"पद्मश्री भेरू सिंह बोले: योग-संगीत मिलकर देते हैं स्वस्थ-संतुलित जीवन का मंत्र"*
इंदौर, 21 जून 2026
भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केंद्रीय संचार ब्यूरो, इंदौर द्वारा सेंट्रल जिमखाना क्लब, रेसिडेंसी एरिया, इंदौर में आयोजित योग विषयक दो दिवसीय ज्ञानवर्धक फोटो प्रदर्शनी का आज अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सफलतापूर्वक समापन हुआ। योग की महत्ता, भारतीय संस्कृति में उसकी भूमिका तथा स्वस्थ जीवन के लिए योग की आवश्यकता को प्रदर्शित करती इस प्रदर्शनी ने दो दिनों तक बड़ी संख्या में नागरिकों को आकर्षित किया।
समापन दिवस के अवसर पर प्रातःकालीन सत्र में योगाचार्य श्री मुकेश पोरवाल एवं श्री बरुन कुशवाहा द्वारा उपस्थित नागरिकों को विभिन्न योगासन एवं योगाभ्यास करवाए गए, जबकि योग गुरु श्री चंद्रशेखर आज़ाद ने प्रतिभागियों को प्राणायाम का अभ्यास कराया। क्लब परिसर में बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास में सहभागिता करते हुए स्वस्थ जीवन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
योगाभ्यास के उपरांत केंद्रीय संचार ब्यूरो इंदौर के प्रचार अधिकारी श्री दिलीप सिंह परमार द्वारा योग गुरुओं को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर योग के क्षेत्र में देश एवं इंदौर का नाम गौरवान्वित करने वाले बालक-बालिकाओं को भी केंद्रीय संचार ब्यूरो एवं सेंट्रल जिमखाना क्लब की ओर से सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में केंद्रीय संचार ब्यूरो इंदौर के प्रचार अधिकारी श्री दिलीप सिंह परमार ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है, जिसे आज संपूर्ण विश्व ने अपनाया है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के मध्य संतुलन स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। नियमित योग एवं प्राणायाम व्यक्ति को तनावमुक्त, स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने योग को वैश्विक पहचान दिलाई है और आज अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस विश्वभर में मानव कल्याण के उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है।
इसके पश्चात केंद्रीय संचार ब्यूरो इंदौर के सहायक प्रचार अधिकारी श्री शाकिर मंसूरी ने 21 जून की प्राकृतिक एवं वैज्ञानिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए योग आधारित मनोरंजक प्रश्नमंच प्रतियोगिता का संचालन किया। प्रतियोगिता में उपस्थित जनसमूह ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा योग एवं स्वास्थ्य संबंधी प्रश्नों के उत्तर दिए। प्रतियोगिता के विजेताओं को ब्यूरो द्वारा सेंट्रल जिमखाना क्लब के सचिव श्री गिरधर काकानी के करकमलों से पुरस्कृत करवाया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पद्मश्री सम्मान से अलंकृत श्री भेरू सिंह चौहान ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा योग के प्रचार-प्रसार के लिए भारत सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि आज अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर योग दिवस और संगीत दिवस दोनों का विशेष महत्व है। योग एवं संगीत दोनों ही व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने के प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा योग दिवस को उत्सव एवं जनभागीदारी के साथ मनाया जाना सराहनीय पहल है। श्री चौहान ने केंद्रीय संचार ब्यूरो इंदौर के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि यदि हम संगीत और योग दोनों को अपने जीवन में आत्मसात करें तो हमारा जीवन निश्चित रूप से स्वस्थ, सुखद एवं संतुलित बन सकता है।
इस अवसर पर केंद्रीय संचार ब्यूरो के अधिकारियों द्वारा श्री भेरू सिंह चौहान को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय संचार ब्यूरो भोपाल के गीत एवं नाटक प्रभाग के कलाकारों द्वारा योग एवं भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों पर आधारित कबीर भजनों की आकर्षक प्रस्तुति दी गई, जिसे उपस्थित नागरिकों ने अत्यंत सराहा। भजनों के माध्यम से कलाकारों ने योग, आध्यात्मिकता और मानव जीवन में संतुलन के संदेश को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
दो दिवसीय प्रदर्शनी में योग के इतिहास, विभिन्न योगासन, प्राणायाम, योग के वैज्ञानिक लाभ, स्वस्थ जीवन शैली तथा ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य’ की अवधारणा से संबंधित चित्रों एवं जानकारियों को प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी का उद्देश्य नागरिकों, विशेषकर युवाओं एवं विद्यार्थियों को योग के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था। विश्व संगीत दिवस के अवसर पर मालवा सुर संगम संस्था ने अध्यक्ष श्रीमती शीतल सिसोदिया के निर्देशन में शानदार गीत संगीत की प्रसतुतिया दी।
कार्यक्रम के अंत में केंद्रीय संचार ब्यूरो इंदौर के प्रचार अधिकारी श्री दिलीप सिंह परमार ने सेंट्रल जिमखाना क्लब के पदाधिकारियों, योग गुरुओं, कलाकारों, सम्मानित अतिथियों तथा बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आयोजन को सफल बनाने में दिए गए सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
#InternationalYogaDay #YogaForOneEarthOneHealth #CentralBureauOfCommunication #MinistryOfInformationAndBroadcasting #HealthyLifestyle #JansamparkMP #indore #इंदौर
Jansampark Madhya Pradesh
12 views | Indore, Madhya Pradesh | Jun 21, 2026