*निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर विधानसभा-एक, लगातार दूसरे दिन भी हुए भूमिपूजन*
-----------
*मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने वार्ड एक एवं 5 को दी 2 करोड़ से ज्यादा के विकास कार्यों की सौगात*
-----------
*भीषण गर्मी में अपनी विशेष सेवाए देने वाले टैंकर चालकों का किया सम्मान*
-----------
*टैंकर चालकों को घोड़े पर बैठा कर निकला जुलूस, शाल और श्रीफल से किया सम्मान*
-----------
*महापौर पुष्यमित्र भार्गव भी मुख्य रूप से रहे मौजूद*
-----------
*यदि कोई हमें काफिर समझता है तो हमारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ ना ले - कैलाश विजयवर्गीय*
-----------
*हमारा संकल्प है विकास, महिलाओं का सम्मान और युवाओं को रोजगार - कैलाश विजयवर्गीय*
इंदौर,21 जून,2026
नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-एक में दो दिवसीय विकास कार्यक्रम के दौरान दूसरे दिन रविवार दिनांक 21 जून को क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-एक एवं 5 में रहवासियों को दो करोड़ 39 लाख 80 हजार के 10 विकास कार्यों की सौगात दी। इस अवसर पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि पहला सौभाग्य भाजपा का कार्यकर्ता होना है और दूसरा सौभाग्य जनप्रतिनिधि बनकर जनता की सेवा करना है।
*हमारी जनहितैषी नीतियों से क्षेत्र का कायापलट हुआ है*
उपस्थित जनसमुदाय को संबधित करते हुए मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि जनता जनार्दन का स्वरूप है और जनता की सेवा करना मतलब जनार्दन यानी भगवान श्रीकृष्ण की सेवा करना है। भाजपा का कार्य करना ईश्वरीय कार्य है, क्योंकि भाजपा कार्य़कर्ता देश के लिए कार्य करता है। हमने इंदौर में विपरीत परिस्थितियों में जनसंघ का कार्य किया है। उस समय पार्टी का चिन्ह दीपक था और क्षेत्र में कांग्रेस और कम्यूनिस्ट पार्टी की गुंडागिर्दी चलती थी। हम पीटे भी, फिर हमने अखाड़े में व्यायाम कर शरीर को मजबूत बनाया। अब हम उनका मुकाबला कर उनको पीटने लगे। वो दारु पीने वाले और हम दूध पीने वाले।
उस समय लड़ाई होती तो घर पर पुलिस आती थी, तब मेरी मां कहती थी तेरे साथ हनुमानजी है। मेरी मां की सीख मुझे हमेशा काम आई और हरियाणा से लेकर बांगाल जैसे अराजक प्रदेश में मैने बैखौफ होकर काम किया। एक जनप्रतिनिधि सफल तभी है जब उसकी वजह से उसकी जनता के चेहरे पर मुस्कान हो। आपके द्वारा किए गए कार्य आपकी पहचान होते हैं।
पार्षद पार्टी का सबसे महत्वपूर्ण बिंदू होता है। जनप्रतिनिधि को इस तरह से कार्य करना चाहिये की जनता आपको अपने परिवार का सदस्य समझे। मैं जब वार्ड एक में चुनाव प्रचार के दौरान आया था तब यहां पर सड़के काफी खस्ताहाल थी। चारो तरफ कीचड़ और गड़्ढे थे आज हम देख रहे है कि कीचड़ वाली सभी जगह कंक्रीट की सड़कों में बदल गई है। यह हमारे पार्षद महेश चौधरी की मेहनत और प्रयासों का फल है। हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का नारा है सबका साथ-सबका विकास। हम विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं में धर्म और जाति का भेद नहीं करते हैं। यदि कोई हमें काफिर समझता है तो हमारे द्वारा बनाई रोड का उपयोग ना करे, लाड़ली बहन योजना का लाभ ना ले। हमने देश-प्रदेश की सड़कों को बेहतर कर दूरियों को कम किया है और दिल को बड़ा किया है। हमारा संकल्प है विकास, महिलाओं का सम्मान और युवाओं को रोजगार।
मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि आकाशजी विधानसभा के विकास की योजनाओं को देखते हैं और पार्षदों के साथ महीने में एक बार मीटिंग करते हैं और किस वार्ड में क्या-क्या काम है इस बात की जानकारी लेते हैं। निगम या विधायक निधि से विकास कार्य़ के लिए धन आवंटन की योजना बनाते हैं। हमारा उद्देश है कि हमारी विधानसभा समस्या मुक्त विधानसभा होनी चाहिये। इसमें स्थानीय पार्षदों की बड़ी भूमिका है।
*नर्मदा के चौथे चरण से बेहतर होगी जल आपूर्ति - पुष्यमित्र भार्गव*
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि इंदौर देश में दूसरे नंबर का महंगा पानी पीता है इस मामले में पहले नंबर पर शिमला है। इंदौर में 70 किलोमीटर दूर से पानी आता है इसमें से 20 किलोमीटर इस पानी को पहाड़ी पर भी चढ़ाया जाता है। 2011 में 22 लाख की आबादी के लिए जितना पानी आता था अब 40 लाख की आबादी के लिए उतना ही पानी नर्मदा का आ रहा है। पहले इंदौर में 3 लाख 86 हजार घर थे जो अब बढ़कर 8 लाख से ज्यादा हो गए हैं, लेकिन इसके बावजूद जनता को पानी की कभी कमी नहीं हुई है। इस साल थोड़ी दिक्कत बोरवेल के सूखने से हुई है। हमने जल समस्या के समाधान के लिए 700 से ज्यादा टैंकर चलवाए और एक हाजर हाइड्रेंट बनवाए। जल संकट के समाधान के लिए नर्मदा के चौथे चरण का कार्य प्रारंभ हो चुका है और इससे 2040 तक जनता को पर्याप्त पानी मिलेगा। अभी 450 एमएलडी पानी आ रहा है चौथे चरण के बाद 900 एमएलडी पानी शहर को मिलेगा।
*क्षेत्रवासियों को मिली विकास कार्यों की सौगात*
विकास कार्यों के क्रम में वार्ड क्रमांक 1 में हरिनगर नगर में नीमा जी के निवास से कृष्णपुरी के सामने रद्दी कारखाने तक 24 लाख 92 हजार की लागत से, व्यास नगर झुग्गी बस्ती में गली क्रमांक । से गली नंबर 7 तक 21 लाख 89 हजार की लागत से, संपूर्ण गणेश नगर में 10 लाख 73 हजार की लागत से, विजय श्री नगर की 6 बैंक लाइनों में 23 लाख 28 हजार की लागत से, गीता नगर में मकान क्रमांक 165 (गब्बू सिंह जी के घर) से मकान नंबर 195 (गणेश पाटीदार जी के घर) तक 14 लाख 55 हजार की लागत से, ड्रेनेज लाइन डालने के कार्य का भूमिपूजन। सर्वेश खटीक जी वाली गली, सहयोग नगर में 17 लाख 81 हजार की लागत से सड़क के सीमेंटीकरण का कार्य, व्यास नगर स्लम बस्ती में मेन रोड पर एवं क्षतिग्रस्त 3 बैक लाइनों में 32 लाख 40 हजार की लागत से नवीन ड्रेनेज लाइन डालने का कार्य, व्यास नगर की मुख्य सड़क एवं आसपास की गलियों में 27 लाख 36 हजार की लागत से सीमेंटीकरण का कार्य का भूमिपूजन, विश्व मंगलम टेंट हाउस से गोवर्धन पैलेस कॉर्नर तक 38 लाख 29 हजार की लागत से सीमेंटीकरण कार्य का भूमिपूजन किया गया। विकास कार्यों के क्रम में वार्ड क्रमांक 5 में राजनगर में बड़ी प्रजापत धर्मशाला के सामने से राजनगर मेन रोड तक 28 लाख 80 हजार की लागत से नवीन ड्रेनेज लाइन डालने के कार्य का भूमिपूजन किया गया।
*बेहतर सेवाएं देने पर क्षेत्रवासियों ने टैंकर चालकों का घोड़े पर जुलूस निकाल, शाल श्रीफल से किया सम्मान*
कार्यक्रम में वार्ड क्रं. 1 के पार्षद महेश चौधरी और वार्ड क्र. 5 के पार्षद निरंजन सिंह चौहान ने अपने-अपने वार्डों में पूर्ण हो चुके और चल रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। इस अवसर पर वार्ड क्र. 5 में टैंकरों के द्वारा सुव्यवस्थित तरीके से पेयजल आपूर्ति करने पर 8 टैंकर चालकों का रहवासियों ने सम्मान किया। टैंकर चालकों का घोड़ों पर बिठाकर जुलूस निकाला और शाल, श्रीफल देकर और साफा बांधकर सम्मानित किया। मंच पर एक बालक सुमेर सिंह ने मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को स्वयं के द्वारा कैलाश जी का उनकी माता के साथ बनाया गया चित्र भेंट किया। वार्ड क्र. 1 में अपराधों पर लगाम लगाने के लिए चंदन नगर थाना प्रभारी तिलक सिरोले को सम्मानित किया गया। बड़ा कुआं मार्ग का नाम बदलकर गुरु टेकचंद महाराज के नाम पर रखा गया। इसके लिए जूना गुजराती समाज से समाज बंधुओं ने मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का आभार व्यक्त करते हुए उनका सम्मान किया और गुरु टेकचंद जी के सम्मान मे एक द्वार बनाने की मांग की। इस अवसर पर विभिन्न जनकल्याकारी योजनाओं के कार्ड हितग्राहियों को सौंपे गए। विभिन्न कार्यक्रम स्थलों पर पहुंचने पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का ढोल-ताशों, आतिशबाजी एवं हार-फूल से भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता, मंडल अध्यक्ष गण, पार्षद गण, अशोक चौहान चांदू नेता, के अलावा बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय निवासी उपस्थित थे।
#JansamparkMP
#indore
#इंदौर
18 views | Indore, Madhya Pradesh | Jun 22, 2026