राष्ट्र रक्षा के वीरों को AVBP की श्रद्धांजलि, शहीद स्मारक पर मनाया कारगिल विजय दिवस
श्रीमहावीरजी।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद श्रीमहावीरजी इकाई द्वारा शहीद स्मारक पर कारगिल विजय दिवस श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में कारगिल युद्ध के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए देश की रक्षा में अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों के अदम्य साहस और राष्ट्रभक्ति को नमन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाग संयोजक विकास वैष्णव ने की। उन्होंने ऑपरेशन विजय की सफलता और कारगिल युद्ध में भारतीय सैनिकों के अद्वितीय पराक्रम एवं बलिदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश के वीर जवानों के त्याग और शौर्य से ही भारत ने विजय प्राप्त की। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए देशभक्ति की भावना के साथ समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में श्रीमहावीरजी थाना के एएसआई गणेश तथा सामाजिक कार्यकर्ता एवं अधिवक्ता तेज सिंह एडवोकेट विशेष रूप से उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों का नगर अध्यक्ष मनोज शर्मा ने साफा एवं सम्मान स्वरूप अभिनंदन किया। इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने भी उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम में अभाविप के नगर मंत्री अभय सिंह गुर्जर, नगर मंत्री प्रतीक, नगर मंत्री प्रशांत गुर्जर, सोशल मीडिया संयोजक विष्णु सैनी, विशाल सेन, अंशु सैनी, रोहित दिवाकर सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता मौजूद रहे। अंत में सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और शहीदों के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।