अररिया, 17 जुलाई 2026
सोलर पैनल स्थापना में नहीं हो देरी, बैंक लंबित ऋण आवेदनों का करें तत्काल निपटारा : जिलाधिकारी
प्रधानमंत्री सूर्यघर: मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं सोलर पैनल अधिष्ठापन की प्रक्रिया में तेजी लाने के उद्देश्य से शुक्रवार को समाहरणालय स्थित परमान सभागार में जिला पदाधिकारी अररिया श्री विनोद दूहन की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी बैंकर्स, एलडीएम, विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता एवं सभी कनीय विद्युत अभियंता उपस्थित रहे।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने प्रधानमंत्री सूर्यघर: मुफ्त बिजली योजना के तहत प्राप्त ऋण आवेदनों की समीक्षा करते हुए सभी बैंक समन्वयकों एवं शाखा प्रबंधकों को निर्देश दिया कि योजना के अंतर्गत प्राप्त ऋण आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से इस माह में (आवेदित) लंबित 102 ऋण आवेदनों को निष्पादित करने का निर्देश दिए, ताकि लाभुकों के घरों पर सोलर पैनल लगाने का कार्य समय पर शुरू हो सके।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि योजना के तहत 2 लाख रुपये तक के ऋण के लिए केवल बैंक खाते का विवरण, बिजली बिल तथा भूमि के मालिकाना हक से संबंधित आवश्यक दस्तावेज ही अपेक्षित हैं। जिला पदाधिकारी ने बैंकों से इन दस्तावेजों के आधार पर आवेदनों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने संबंधित कार्यपालक अभियंताओं को भी निर्देश दिया कि कनीय विद्युत अभियंताओं के माध्यम से प्रशाखावार निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप सोलर पैनल अधिष्ठापन की प्रगति सुनिश्चित करें तथा इसकी नियमित मॉनिटरिंग करें। उन्होंने कहा कि योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए बैंक एवं विद्युत विभाग के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।
बैठक में बताया गया कि प्रधानमंत्री सूर्यघर: मुफ्त बिजली योजना के तहत आम नागरिकों को अनुदानित दर पर अपने घरों की छत पर सोलर पैनल लगाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इससे उपभोक्ताओं के बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आती है। साथ ही अतिरिक्त उत्पादित बिजली को ग्रिड में भेजकर उपभोक्ता अतिरिक्त आय भी अर्जित कर सकते हैं।
बैठक में विद्युत कार्यपालक अभियंता श्री गौरव कुमार एवं श्री राजेश प्रियदर्शी, एलडीएम श्री इंदु शेखर, सभी सहायक अभियंता विद्युत, सभी बैंकों के शाखा प्रबंधक एवं उनके प्रतिनिधि तथा सभी कनीय विद्युत अभियंता उपस्थित थे।
जिला प्रशासन अररिया
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
8 views | Araria, Bihar | Jul 17, 2026