सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र बिजुरी में आयोजित आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग मंत्री श्री दिलीप जायसवाल बच्चों के बीच पहुंचे। उन्होंने बच्चों से सरल व सहजभाव से बातचीत कर उनकी पढ़ाई, खेल और दिनचर्या के बारे में जानकारी ली तथा उनकी गतिविधियों में सहभागिता की।
इस दौरान बच्चों ने स्लेट पर गिनती लिखकर मंत्री को दिखाई। एक बालिका ने वर्ष के महीनों के नाम सुनाए। बच्चों की सीखने की गतिविधियों को देखकर मंत्री श्री जायसवाल ने उनका उत्साहवर्धन किया और नियमित रूप से आंगनबाड़ी केन्द्र आने तथा पढ़ाई के साथ खेलकूद में भी रुचि लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका के कार्यों की सराहना करते हुए उनका सम्मान किया गया। वहीं बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया तथा उनके स्वास्थ्य एवं पोषण की स्थिति के संबंध में जानकारी ली गई। मंत्री ने केन्द्र में बच्चों को दी जा रही सुविधाओं और संचालित गतिविधियों का भी अवलोकन किया।
मंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि बच्चों के बीच पहुंचकर उनसे संवाद करना और उनकी बातों को सुनना सेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। आंगनबाड़ी केन्द्र बच्चों के पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और समग्र विकास की महत्वपूर्ण आधारभूमि हैं। बच्चों को सीखने और आगे बढ़ने के लिए सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराना सभी की साझा जिम्मेदारी है।
आंगन मिलन सेवा के माध्यम से सेवा संकल्प अभियान में बच्चों के साथ आत्मीय जुड़ाव के साथ उनके स्वास्थ्य, पोषण और प्रारंभिक शिक्षा पर ध्यान देने का संदेश दिया गया।
#सेवा_संकल्प_अभियान #SevaSankalpAbhiyan #anuppur
Anuppur, Madhya Pradesh | Sep 28, 2026