विश्व स्तनपान सप्ताह का गरिमामय समापन
जिलेभर में जागरूकता गतिविधियों से गूंजा सुपोषण का संदेश
महिला एवं बाल विकास विभाग, मंडला द्वारा 1 से 7 अगस्त 2026 तक आयोजित विश्व स्तनपान सप्ताह का शुक्रवार को जिले के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय समापन हुआ। कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे के निर्देशन तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री विनोद परस्ते के मार्गदर्शन में आयोजित इस सप्ताहभर के अभियान का उद्देश्य माताओं और परिवारों को स्तनपान के महत्व के प्रति जागरूक कर शिशुओं के बेहतर स्वास्थ्य एवं कुपोषण मुक्त समाज की दिशा में जनभागीदारी बढ़ाना रहा। अभियान के दौरान जिलेभर में जागरूकता रैलियां, प्रभात फेरियां, दीवार लेखन और सामुदायिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। समापन अवसर पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं उपस्थित माताओं ने स्वस्थ, सुपोषित एवं सुरक्षित भविष्य का संकल्प लेते हुए सामूहिक शपथ ग्रहण की।
कार्यक्रमों में जन्म के पहले घंटे के भीतर शिशु को माँ का पहला दूध पिलाने, पहले छह माह तक केवल स्तनपान कराने तथा छह माह बाद पूरक आहार के साथ दो वर्ष या उससे अधिक समय तक स्तनपान जारी रखने का संदेश दिया गया। आंगनवाड़ी केंद्रों में गर्भवती एवं धात्री माताओं को सही स्तनपान तकनीक की जानकारी दी गई तथा परिवार के अन्य सदस्यों को भी सहयोगी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
अभियान के तहत शिशु दुग्ध विकल्प अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी देकर डिब्बाबंद दूध और फीडिंग बोतलों के अनावश्यक उपयोग से बचने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही गृह भ्रमण, टेक होम राशन वितरण और ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस के दौरान स्तनपान से जुड़ी भ्रांतियों का निराकरण कर जरूरतमंद माताओं को आवश्यक परामर्श भी उपलब्ध कराया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग का यह अभियान जिले में शिशु पोषण को सुदृढ़ बनाने और कुपोषण मुक्त, स्वस्थ एवं सुपोषित समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh