*श्रवण एवं वाक् बाधितों के लिए एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित*
--------------
म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शरत चन्द्र सक्सेना के मार्गदर्शन में नालसा शिक्षा योजना 2026 अंतर्गत जिले के श्रवण एवं वाक् बाधित व्यक्तियों को उनके विधिक अधिकारों एवं शासन की कल्याणकारी योजनाओं एवं विधिक सेवाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से अनुगूंज से उद्घोष विषयक एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। म.प्र. उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के मुख्य संरक्षक न्यायमूर्ति अल्पेश वाई कोगजे, प्रशासनिक न्यायाधीश न्यायमूर्ति विवेक रूसिया व प्रशासनिक न्यायाधीश एवं प्राधिकरण के कार्यवाहक अध्यक्ष न्यायमूर्ति विवेक अग्रवाल द्वारा भी कार्यशाला को संबोधित किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित व्यक्तियों को म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण से प्राप्त सेशन प्लान अनुसार विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा वर्चुअल माध्यम से विस्तृत जानकारी दी गई। उक्त कार्यक्रम में प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष श्री सक्सेना सहित सचिव राजकुमार गौड़, प्रशिक्षु न्यायाधीश रोहित जैन, जिला विधिक सहायता अधिकारी अतुल सेन, सामाजिक न्याय कल्याण विभाग के साइकोलॉजिस्ट सुरेन्द्र सिंह, लीगल एड डिफेंस काउंसिल चीफ आनंद त्रिपाठी एवं अन्य सदस्यगण तथा दिव्यांग छात्रावास के शिक्षक आशीष सोनी व दिव्यांग छात्रावास के छात्र भी उपस्थित रहे।
Panna, Panna | Sep 29, 2026