हमीरपुर - रोडवेज कर्मचारी संघ के आंदोलन को लेकर हमीरपुर डिपो में जनजागरण, 21 सितंबर को लखनऊ मुख्यालय पर होगा बड़ा आंदोलन।
हमीरपुर, 08 सितंबर 2026। उत्तर प्रदेश रोडवेज कर्मचारी संघ के प्रांतीय नेतृत्व से प्राप्त निर्देशों के क्रम में आगामी आंदोलन को सफल बनाने के लिए आज हमीरपुर डिपो में कर्मचारियों एवं पदाधिकारियों के साथ जनजागरण एवं बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में आगामी 10 सितंबर को डिपो स्तर पर जनजागरण कार्यक्रम, 16 सितंबर को क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय, चित्रकूटधाम क्षेत्र बांदा में धरना एवं ज्ञापन तथा 21 सितंबर 2026 को परिवहन निगम मुख्यालय, लखनऊ में प्रस्तावित आंदोलन को सफल बनाने की रणनीति पर चर्चा की गई।
बैठक में कर्मचारियों से अपील की गई कि वे अधिक से अधिक संख्या में आंदोलन में सहभागिता कर अपनी एकजुटता का परिचय दें। कर्मचारियों ने एक स्वर में आश्वासन दिया कि वे संगठन के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं और आंदोलन को सफल बनाने में सक्रिय भागीदारी करेंगे।
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि चित्रकूटधाम क्षेत्र बांदा से लगभग 70 कर्मचारी एवं पदाधिकारी 21 सितंबर को परिवहन निगम मुख्यालय लखनऊ पहुंचकर आंदोलन में सहभागिता करेंगे।
बैठक में कर्मचारियों की विभिन्न मांगों एवं समस्याओं को लेकर भी चर्चा की गई। इनमें संविदा कर्मचारियों के मानदेय में पुनर्विचार, नियमित कर्मचारियों के समान महंगाई भत्ता एवं अन्य सुविधाएं, संविदा चालकों को उच्च श्रेणी के चालक पद पर अवसर, परिवहन निगम में अवैध डग्गामार वाहनों के संचालन पर प्रभावी रोक, कर्मचारियों एवं अधिकारियों को बेहतर चिकित्सा सुविधा, बोनस का भुगतान तथा अन्य सेवा संबंधी मांगें प्रमुख हैं।
इस अवसर पर प्रदेश मंत्री शिवशरण सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष रणविजय सिंह, शाखा मंत्री वंशगोपाल, शाखा अध्यक्ष महेश कुमार, छेदालाल पाठक, देवनारायण यादव, जे.के. गुप्ता, हर नारायण यादव, काशी प्रसाद, लक्ष्मीकांत गुप्ता, महेंद्र कुमार पेंटर, दिलीप कुमार एवं सुनील साहू सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों की जायज मांगों एवं समस्याओं के समाधान के लिए संगठन पूरी एकजुटता के साथ संघर्ष करेगा तथा आगामी सभी कार्यक्रमों को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाया जाएगा।
Hamirpur, Hamirpur | Sep 8, 2026