बलिया जनपद के बैरिया तहसील अंतर्गत नौरंगा गांव स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण उस समय चर्चा का विषय बन गया, जब जिलाधिकारी ने रास्ते में केंद्र की स्थिति देखकर अपनी गाड़ी रुकवा दी। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र परिसर में चारों ओर गोबर और उपले पड़े मिले, जिससे वहां की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए।
जिलाधिकारी ने जब केंद्र का जायजा लिया तो प्रांगण की बदहाली साफ दिखाई दी। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने भी स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए बताया कि केंद्र पर डॉक्टर नियमित रूप से नहीं आते हैं, जिसके कारण उन्हें इलाज के लिए दूसरे स्थानों का सहारा लेना पड़ता है।
ग्रामीणों का कहना था कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर में होम्योपैथिक और एलोपैथिक दोनों चिकित्सकों की तैनाती होने के बावजूद स्वास्थ्य सेवाएं अपेक्षित स्तर पर नहीं मिल पा रही हैं। केंद्र की साफ-सफाई और रखरखाव की स्थिति भी बेहद खराब पाई गई।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया। डीएम के अचानक निरीक्षण से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया।
गौरतलब है कि आयुष्मान आरोग्य मंदिरों को ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकसित किया गया है, लेकिन नौरंगा गांव में मिली स्थिति ने योजनाओं के धरातलीय क्रियान्वयन पर कई सवाल खड़े कर दिए! #Balliakhabar